फतेहपुर में पंखा गिरने से युवक की मौत:करंट लगने से महिला झुलसी, हालत गंभीर

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में दो अलग-अलग मौत की घटनाएं सामने आई हैं। एक युवक की पंखा गिरने और करंट लगने से मौत हो गई। वहीं, एक महिला पंखे का तार लगाते समय झुलस गई। ये दोनों मामले जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से सामने आए हैं। पहली घटना जाफरगंज थाना क्षेत्र के खूंटाझाल गांव की है। शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे 30 वर्षीय राहुल प्रजापति अपने घर के कमरे में सो रहे थे, तभी छत पर लगा पंखा अचानक उन पर गिर गया। पंखे में करंट होने के कारण राहुल गंभीर रूप से झुलस गए। चीख-पुकार सुनकर परिजन कमरे में पहुंचे और राहुल को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले गए। वहां, हालत गंभीर होने पर उन्हें घाटमपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेफर कर दिया गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि शुक्रवार को उनके घर पर नवरात्रि के अखंड पाठ का कार्यक्रम आयोजित था, जिसकी तैयारियां चल रही थीं। दूसरी घटना बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के बहरौली गांव में हुई। शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे, 35 वर्षीय रानी देवी पत्नी पवन कुमार अपने घर में पंखे का तार लगा रही थीं। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गईं और गंभीर रूप से झुलस गईं। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया। उन्होंने डंडे की मदद से रानी देवी को करंट से अलग किया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बिंदकी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/Rp8bzSl