पश्चिमांचल में विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने की तैयारी:14 जिलों में एक माह तक चलेगा विशेष अनुरक्षण अभियान, 56 हजार से ज्यादा कार्य होंगे पूरे
पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड ने विद्युत आपूर्ति को सुचारू और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए विशेष अभियान की घोषणा की है। यह अभियान 15 सितंबर से 14 अक्टूबर 2025 तक चलेगा। MD ईशा दुहन ने बताया कि इस अभियान में मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, बुलंदशहर, हापुड़, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, मुरादाबाद, संभल, रामपुर, अमरोहा, बिजनौर और नोएडा शामिल हैं। अभियान के दौरान कुल 56,057 विभिन्न प्रकार के कार्य किए जाएंगे। अधिकारी फील्ड में जाकर अनुरक्षण कार्यों का निरीक्षण करेंगे। इसमें उपकेंद्रों पर स्थापित पावर ट्रांसफॉर्मर और वीसीबी का रखरखाव शामिल है। साथ ही 33/11 केवी स्विच यार्ड और पावर ट्रांसफॉर्मर का अनुरक्षण भी किया जाएगा। विभाग 33 केवी और 11 केवी लाइनों का रखरखाव करेगा। डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफॉर्मर की क्षमता बढ़ाई जाएगी। जर्जर तारों, विद्युत पोल और जंपर की मरम्मत की जाएगी। बेहतर विद्युत आपूर्ति मिले MD ने बताया कि निगम ने सभी आवश्यक सामग्री और उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की है। कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। विद्युत आपूर्ति को कम से कम प्रभावित करने का प्रयास किया जाएगा। निगम ने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है। अनुरक्षण कार्यों से होने वाली असुविधा को कम करने का प्रयास किया जाएगा। कार्य पूरा होने के बाद उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत आपूर्ति मिल सकेगी।
Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर
Leave a Reply