परिजन बोले-पुलिस वाहन की टक्कर से चार घायल हुए:शव को जबरन ले जाने पर मायके पक्ष ने देर रात किया हंगामा, पिकअप चालक को पीटा

शाहजहांपुर में एक शव को लेकर हुए विवाद के दौरान पुलिस वाहन की टक्कर से चार लोग घायल हो गए। घायलों में मृतका के मायके पक्ष के सदस्य शामिल हैं, जिन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना के बाद मायके पक्ष ने आरसी मिशन थाना क्षेत्र में सड़क पर हंगामा किया, जिसे शांत कराने के लिए भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। यह घटना मदनापुर थाना क्षेत्र के बरखेड़ा गांव की 20 वर्षीय तनिष्का की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से जुड़ी है। सोमवार को तनिष्का की मौत हुई थी। हरदोई निवासी मायके पक्ष ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है। मंगलवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था, लेकिन उस दिन पोस्टमार्टम नहीं हो सका। बुधवार को पैनल द्वारा शव का पोस्टमार्टम किया गया। मायके पक्ष का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने पोस्टमार्टम कराने में देरी की। उनका यह भी आरोप है कि ससुराल पक्ष के इशारे पर पुलिस एक पिकअप वाहन में शव लेकर गांव जा रही थी। परिजनों ने पुलिस वाहन का पीछा किया, जिसके बाद पुलिस ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी। उमरगंज रोड के पास पहुंचने पर पुलिस ने उनके वाहन के आगे अपना वाहन रोक दिया। मायके पक्ष का आरोप है कि पुलिस के वाहन ने उनके कई लोगों को टक्कर मारी, जिसमें चार लोग घायल हो गए। घायलों में सर्वेश और मंशा शुक्ला की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस दौरान, परिजनों ने शव ले जा रहे पिकअप चालक को पकड़कर पीट दिया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। घटना के बाद मायके पक्ष के लोग शव लेकर हरदोई के लिए रवाना हुए, लेकिन आरसी मिशन थाना क्षेत्र के हरदोई बाईपास के पास रुक गए। उन्होंने देर रात टक्कर मारने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। हंगामे की सूचना पर कई थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा और देर रात तक परिवार को समझाने का प्रयास करता रहा। इसके बाद परिजन शव लेकर चले गए। मदनापुर थाना प्रभारी ने बताया कि मायके पक्ष के लोग बाइक पर थे। उनकी टक्कर से साइकिल सवार लोग घायल हुए थे। पुलिस वाहन से टक्कर नही हुई है। मायके पक्ष की तहरीर पर ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/QDcAB5m