दो शोहदों को अश्लील गाना जोर से गाना पड़ा भारी:पुलिस ने किया गिरफ्तार, लड़कियों को देखकर गा रहे थे गाना

गोंडा जिले के मनकापुर कोतवाली क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर अश्लील गाने जोर-जोर से गाना दो युवकों को भारी पड़ गया। मनकापुर पुलिस ने आईटीआई तिराहा और रेलवे स्टेशन तिराहा से इन दोनों युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उनके खिलाफ मनकापुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। जानकारी के अनुसार ये युवक लड़कियों और महिलाओं के सामने खड़े होकर अश्लील गाने गा रहे थे। महिलाओं और लड़कियों की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। मनकापुर कोतवाली की मिशन शक्ति टीम प्रभारी उपनिरीक्षक महिमा तिवारी ने मिशन शक्ति जागरूकता कार्यक्रम के दौरान आईटीआई मनकापुर तिराहा और रेलवे स्टेशन मनकापुर तिराहा पर कार्रवाई करते हुए मोहित वर्मा और रोहन वर्मा नामक दो युवकों को गिरफ्तार किया। आरोप है कि ये दोनों छात्राएं व महिलाओं को देखकर अश्लील गाने गा रहे थे और उनकी तरफ इशारा भी कर रहे थे। मनकापुर कोतवाल निर्भय नारायण सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और लड़कियों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। ताकि वे ऐसी घटनाओं की जानकारी पुलिस को दे सकें। मिशन शक्ति टीम प्रभारी महिमा तिवारी ने बताया कि जब इन युवकों से पूछताछ की गई, तो आसपास के लोगों ने बताया कि वे इसी तरह की हरकतें कर रहे थे, जिससे लड़कियां और महिलाएं परेशान थीं।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/lmaeKw7