ट्रक की टक्कर से फर्नीचर व्यापारी की मौत:उन्नाव में बाइक से लौट रहा था घर, गंभीर घायल साथी कानपुर रेफर

उन्नाव के दही थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक सड़क हादसा हुआ। पावर हाउस के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार फर्नीचर व्यापारी सोनू (26) की मौके पर मौत हो गई। उसके साथी साहिल को गंभीर हालत में कानपुर रेफर किया गया है। मिर्री कला थाना पुरवा निवासी सोनू चार भाइयों में सबसे बड़ा था। वह फर्नीचर की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। शुक्रवार रात को वह दुकान के काम से उन्नाव आया था। काम निपटाने के बाद साहिल के साथ बाइक से वापस लौट रहा था। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने सोनू को मृत घोषित कर दिया। ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सोनू की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। उसकी पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन कह रहे हैं कि घर का सहारा छिन गया है।

Read More

Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर