झांसी में सपाइयों ने किया FIR का विरोध:विश्वविद्यालय मामले में पूर्व राज्यसभा सदस्य डॉ. चंद्रपाल सिंह यादव बोले-ये अराजकता चरम पर है

झांसी के बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में शुक्रवार को हुए बवाल और उसके बाद पीडीए नेताओं के खिलाफ हुए मुकदमे में सपा ने विरोध जताया है। शनिवार को समाजवादी पार्टी के पूर्व राज्यसभा सदस्य डॉक्टर चंद्रपाल सिंह यादव पार्टी पदाधिकारियों के साथ SSP ऑफिस पहुंचे। उन्होंने कहा कि एक पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज हो गया जबकि, पीडीए नेताओं की शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। कहा कि सत्ता के नशे में चूर कुछ लोग विद्यार्थियों का इस्तेमाल कर अराजकता फैला रहे हैं। बता दें कि शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि कार्यक्रम के दौरान बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में सपा, कांग्रेस और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प के बाद मारपीट हुई थी। बवाल इतना बड़ा था कि पूर्व केंद्रीय मंत्री की गाड़ी विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने ढाई घंटे तक घेरे रखी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्ष से तहरीर लेकर मामला शांत कराया। इसके बाद समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के पूर्व मंत्री के खिलाफ बलवा करने का मुकदमा दर्ज कर लिया। इसके बाद से राजनीति गरमा गई है। शनिवार को समाजवादी पार्टी के पूर्व राज्यसभा सदस्य और कृभको चेयरमैन डॉक्टर चंद्रपाल सिंह यादव, जिलाध्यक्ष बृजेन्द्र सिंह भोजला, महानगर अध्यक्ष तनवीर आलम, पूर्व मंत्री अजय सूद समेत दर्जनों सपा नेता वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति से मिले। यहां उन्होंने प्रशासन पर एकतरफा कार्रवाई करने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच कर उनकी तरफ से दी गई तहरीर पर भी मुकदमा दर्ज कराने की मांग की। चंद्रपाल बोले-जिनके नाम नहीं उन्हें घरों से उठाया जा रहा एसएसपी से मुलाकात के बाद डॉक्टर चंद्रपाल सिंह यादव ने मीडिया के सामने कहा कि एक ये एक तरफा कार्रवाई है। बोले, दूसरे पक्ष का मुकदमा दर्ज नहीं किया जा रहा। वहीं, पीडीए के खिलाफ दर्ज किए मुकदमे में उन्हें भी घर में घुसकर पकड़ा जा रहा, जिनके मुकदमे में नाम भी नहीं हैं।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/Isl7SWf