झांसी की पहुज नदी पर होगी महा आरती:दुर्गा उत्सव महासमिति की बैठक में एक साथ आए राजनैतिक और सामाजिक संगठन

झांसी में नवरात्र के मौके पर भव्यता के साथ पंडालों में मां दुर्गा पूजा सम्पन्न कराने के लिए शनिवार को दुर्गा उत्सव महासमिति ने एक पत्रकार वार्ता आयोजित की। इसमें सभी राजनैतिक, धार्मिक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। यहां निर्णय हुआ कि पहुज नदी पर महा आरती का आयोजन किया जाएगा। बता दें कि झांसी शहर में लगभग 300 बड़े दुर्गा पंडाल सजाए जाते हैं। ऐसे में पूरे शहर में नवरात्र की धूम होती है। कई स्थानों पर गरबा महोत्सव भी आयोजित किया जाता है। ऐसे में प्रशासनिक स्तर पर किसी प्रकार की कमी न रह जाए, इसके लिए दुर्गा उत्सव महा समिति का एक प्रतिनिधि मंडल जिला प्रशासन और नगर निगम के अधिकारियों से मिला। यहां समिति ने प्रशासन से मांग की कि नवरात्र के दौरान महिला, पुरुष, बच्चे पंडालों तक आते हैं। साथ ही व्रत भी करते हैं। इसको ध्यान में रखते हुए प्रशासन यह सुनिश्चित करे कि जिले में बिजली आपूर्ति बाधित न हो। इसके अलावा सड़कों पर गड्ढों को तत्काल भरवाने की भी मांग समिति ने की। वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि जिले के सैंकड़ों दुर्गा भक्त महा आरती के लिए गंगा नदी के तट पर जाना चाहते हैं लेकिन, ये संभव नहीं हो पाता। ऐसे में समिति पहुज नदी पर महा आरती का आयोजन करेगी। इसके लिए उन्होंने प्रशासन के सामने मांग रखी है कि पहुज नदी पर साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। आकर्षक गणेश पंडाल सजाने पर किया सम्मान दुर्गा उत्सव महासमिति में शामिल प्रदीप जैन आदित्य, पीयूष रावत, डॉ. रघुवीर चौधरी, सपा नेता अरविंद वशिष्ठ, देवेंद्र दुबे, रविश त्रिपाठी समेत अन्य नेताओं व सामाजिक कार्यकर्ताओं ने गणेश उत्सव के दौरान भव्य पंडाल सजाने वालों को भी सम्मानित किया है।

Read More

Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर