जनता ने ‘400 पार’ के सरकारी दावों की हवा निकाली:कांग्रेस नेता बोले- किसानों का यह बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा, देश में परिवर्तन की लहर
मुजफ्फरनगर के मोरना में किसान कांग्रेस द्वारा ‘खेती बचाओ किसान बचाओ’ सम्मेलन का आयोजन किया गया। शुक्रताल मार्ग पर हुए कार्यक्रम में राष्ट्रीय महासचिव, प्रदेश अध्यक्ष सहित कई किसान नेताओं ने भाग लिया। नेताओं ने अपने संबोधन में वोट चोरी, किसान आंदोलन, गन्ना मूल्य, फसल बीमा और कर्ज माफी जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए, साथ ही केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर किसान विरोधी होने का आरोप लगाया। सम्मेलन में भारतीय कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अविनाश पांडे, प्रदेश अध्यक्ष अजय रॉय और किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अखिलेश शुक्ला उपस्थित रहे। आयोजक प्रदेश उपाध्यक्ष किसान कांग्रेस मनोज कुमार और जिलाध्यक्ष राजीव राठी ने हल भेंट कर उनका स्वागत किया। अविनाश पांडे ने अपने संबोधन में कहा कि किसानों की आवाज उठाने में मुजफ्फरनगर जिले की हमेशा विशेष भूमिका रही है। उन्होंने जोर दिया कि भाजपा सरकार के ‘काले कानूनों’ के खिलाफ 700 किसानों को अपनी जान गंवानी पड़ी थी। किसानों का यह बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा और देश में परिवर्तन की लहर चल पड़ी है। उत्तर प्रदेश की जनता ने ‘400 पार’ के सरकारी दावों की हवा निकाल दी है। पांडे ने आगे कहा कि कर्ज में डूबा किसान असहज महसूस कर रहा है और किसान हितैषी होने का दावा करने वाली सरकार बीज व खाद तक उपलब्ध नहीं करा पा रही है। उन्होंने बताया कि आगामी पंचायत चुनाव सहयोगी संगठनों के साथ मिलकर लड़े जाएंगे। प्रदेश अध्यक्ष अजय रॉय ने कहा की किसान गन्ने के मूल्य को तरस रहा है और विजय माल्या जैसे पूंजीपति देश पैसे को लूटकर विदेशों में मजे उड़ा रहे हैं। पूंजीपति निजी प्लेन मे बैठकर विदेश भाग जाते हैं और सरकार को पता नहीं चलता। आज उत्तर प्रदेश मे प्रतिदिन हत्याएं हो रही है। पुलिस वर्ग विशेष को टारगेट कर अराजकता फेलाने का काम कर रही है। राय बरेली मे दलित की हत्या निर्मम करने वाले भाजपाई हैं। कांग्रेस ने किसानो के कर्ज माफ किये थे तो देश ने आर्थिक तरक्की के आयाम स्थापित किये थे। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किसान कांग्रेस अखिलेश शुक्ला ने कहा की रोजगार मे कृषि क्षेत्र की भागीदारी 60 प्रतिशत है। लेकिन उसका बजट मात्र ढ़ाई प्रतिशत रखा जाता है।आज मध्यम व निम्न वर्ग कर्ज के बोझ तले दबता जा रहा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता बुजुर्ग किसान कंवल सिंह ने की व संचालन ओमबीर सिंह तोमर ने की। इस अवसर पर शीतल मान,जिलाध्यक्ष सतपाल कटारिया,पूर्व मन्त्री सईदुज़ज़मा, सुबोध शर्मा,पूर्व मन्त्री ओमवती, बिलकिस चौधरी, वीरेन्द्र गुर्जर, अवनीश काजला, मुनीर आलम, असजद एडवोकेट, कामिल नेता, सतीश सहरावत, हरेन्द्र त्यागी, सुधीर तालियान,खलील लंबरदार, सतपाल कटारिया, दीपक कुमार, गुफरान काजमी, ईश्वर सिंह, मुनववर जैदी, आकिल राणा, मनोज कटारिया, नीरज चौधरी, फैज महमूद,बदर महमूद, मेघीन्द्र बालियान आदि मौजूद रहे।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/UDzHa65
Leave a Reply