छात्राओं को सुरक्षा के गुर सिखाए:एएसपी संतोष कुमार ने हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी
शामली के किसान इंटर कॉलेज में ‘मिशन शक्ति’ अभियान के तहत एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान छात्राओं को महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। यह कार्यक्रम प्रदेश में महिलाओं और बालिकाओं को सशक्त व आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प का हिस्सा है। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह और मुख्य अतिथि एडीएम सतेंद्र मौजूद रहे। एएसपी संतोष कुमार सिंह ने छात्राओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी, जिनमें 1090 (वुमेन पावर लाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), 181 (महिला हेल्पलाइन) और 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) शामिल हैं। अपर पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह ने छात्राओं से कहा कि किसी भी असुविधा या शोषण की स्थिति में वे इन नंबरों का निःसंकोच उपयोग कर सकती हैं। एडीएम सतेंद्र ने छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ जीवन जीने और अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया। अपर पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने उत्तर प्रदेश सरकार की योजनाओं के बारे में भी जागरूक किया। उन्होंने छात्राओं का मनोबल बढ़ाते हुए बताया कि वे न केवल अपनी सुरक्षा के लिए, बल्कि आसपास किसी भी दुर्घटना में घायल हुए व्यक्तियों की सहायता के लिए भी पुलिस को फोन कर मदद मांग सकती हैं। इस दौरान उनका नाम गोपनीय रखा जाएगा। इस अवसर पर स्कूल की प्रधानाचार्या और अन्य शिक्षकगण भी उपस्थित रहे।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/zmoAKTl
Leave a Reply