गोरखपुर में चोर समझकर युवक को पीटा, मौत:बहनोई ने कराई FIR, बोले- ईंट और डंडे से मारा गया

गोरखपुर के रामगढ़ताल इलाके के कठउर में शुक्रवार की रात ग्रामीणों ने एक युवक को चोर समझ कर पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस युवक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां रविवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक के बहनोई के भाई करन ने रामगढ़ ताल पुलिस को तहरीर देते हुए मार-पीटकर हत्या करने की आशंका जताई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए ​भिजवा दिया। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 6 साल पहले हुई शादी, अलग रहती है पत्नी गुलरिहा इलाके के खजांची चौराहा स्थित हरसेवकपुर नंबर एक के झझवां टोला निवासी सुनील चौहान (32) चार बहनों में सबसे बड़ा था। उसकी छह वर्ष पहले शादी हुई थी लेकिन पत्नी तीन वर्षों से किसी वजह से उसके पास नहीं रहती थी। इसके बाद वह शाहपुर इलाके के इंद्रप्रस्थपुरम पुरम कॉलोनी में बहनोई सुनील चौहान के घर रहता था। बहनोई के भाई करन के साथ शादी-विवाह में डेकोरेशन (बिजली का सजावट) का काम करता था। सुनील के बहनोई ने बताया कि बुधवार की रात आठ बजे के करीब घर से पैदल निकला था। मोबाइल घर पर ही छोड़ दिया था। उन्हें लगा कि कुछ देर में घूम कर घर आ जाएगा। देर रात तक घर नहीं पहुंचा तो सगे संबंधियों के यहां उसकी तलाश कर रहे थे लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। शनिवार की सुबह सूचना मिली की वह जिला अस्पताल में भर्ती है। वहां पहुंचने पर वह गंभीर अवस्था में भर्ती था। सुनील ने आरोप लगाया कि उनका साला कह रहा था कि वहां के कुछ लोगों ने ईंट डंडे से मारा है। उन्होंने बताया- सुनील घर से न निकला, इसका हमलोग ध्यान देते थे। लेकिन बुधवार काे अचानक वह निकल गया। इसके बाद घायल हाल में वह मिला। बताया जा रहा है कि सुनील की मेंटल की दवा भी चलती थी। इस संंबंध में एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया- डाॅयल 112 पर सूचना के बाद युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में परिजनों की तहरीर पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है।

Read More

Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर