कानपुर में कांग्रेस ने गांधी-शास्त्री जयंती मनाई:चरखा कताई और सर्वधर्म प्रार्थना सभा आयोजित, पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे उपस्थिति
कानपुर महानगर कांग्रेस ने आज तिलक हॉल में गांधी-शास्त्री जयंती मनाई। महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में सामूहिक चरखा कताई और सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को नमन किया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ नेता और उपाध्यक्ष शंकर दत्त मिश्रा ने किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और सहिष्णुता के सिद्धांतों को उत्कृष्ट बताया। उन्होंने कहा कि गांधीजी के मूल आदर्शों को जीवन में उतारने की आवश्यकता है। गुप्ता ने यह भी कहा कि राहुल गांधी बापू के आदर्शों पर चल रहे हैं, जबकि गांधीवाद से नफरत करने वाले गोडसेवाद को प्राथमिकता देना चाहते हैं। उन्होंने जोर दिया कि गांधीजी के आदर्शों को पूरे विश्व ने मान्यता दी है। पवन गुप्ता ने चरखे के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह महात्मा गांधी के स्वदेशी आंदोलन का एक महत्वपूर्ण प्रतीक था। चरखा भारत की आत्मनिर्भरता और आर्थिक स्वावलंबन का प्रतिनिधित्व करता है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को भी याद किया और उन्हें देश के महानतम, ईमानदार तथा सादगी पसंद प्रधानमंत्रियों में से एक बताया। गुप्ता ने शास्त्रीजी के ‘जय जवान जय किसान’ नारे की प्रासंगिकता को आज भी महत्वपूर्ण बताया।इस अवसर पर पिछड़े और दलितों के संघर्ष के लिए मसूरियादीन पासी को भी याद किया गया। कार्यक्रम में सर्वधर्म प्रार्थना सभा का भी आयोजन किया गया। इसमें पंडित कुशल मिश्रा ने श्रीमद् भगवत गीता, इम्तियाज अहमद ने कुरआन, सैमुअल लकी सिंह ने बाइबिल और सरदार जसप्रीत सिंह ने गुरु ग्रंथ साहिब के अंशों का पाठ किया। इस मौके पर महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता के साथ हरप्रकाश अग्निहोत्री, मदन मोहन शुक्ला, शंकर दत्त मिश्रा, श्याम देव सिंह, सैमुअल लकी सिंह, निजामुद्दीन खान, विकास सोनकर, राकेश साहू, उमा शंकर तिवारी, हलीमुल्ला खान, विपिन कुमार, सजल तिवारी, कर्मवीर सिंह, हाजी कौसर सोलंकी, बैतूल खान मेवाती, संतोष त्रिपाठी, वसुंधरा वर्मा, विनोद अवस्थी, शाकिर अली उस्मानी और ध्रुव नारायण तिवारी सहित कई कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/fHetTG3
Leave a Reply