कपड़े की दुकान से धर्म परिवर्तन का खुलासा:आरोपी जेल भेजा गया, दुकान से मिला मीटिंग और चंदे का रजिस्टर

सुल्तानपुर के जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के बगिया गांव में धर्म परिवर्तन का मामला सामने आया है। कोर्ट ने आरोपी तुलसीराम को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरएसएस के जयसिंहपुर धर्म जागरण प्रमुख सुरेंद्र यादव को रविवार को सूचना मिली। बगिया गांव चौराहे के बरौसा रोड पर एक कपड़े की दुकान में धर्म परिवर्तन की गतिविधियां चल रही थीं। सुरेंद्र यादव अपने दो साथियों संतोष और आशीष के साथ मौके पर पहुंचे। दुकान पर कई महिलाएं मौजूद थीं। उनके हाथों में ईसाई धर्म से जुड़ी पुस्तकें थीं। दुकान के मालिक तुलसीराम, जो सैती पुरुषोत्तमपुर का रहने वाला है, लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित कर रहा था। सुरेंद्र के विरोध करने पर तुलसीराम ने अपने साथियों के साथ उन्हें जान से मारने की धमकी दी। पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के पहुंचने पर दुकान में मौजूद लोग भाग गए। पुलिस को दुकान से एक रजिस्टर मिला। इसमें कई गांवों के लोगों के नाम, मोबाइल नंबर, मीटिंग और दान का विवरण दर्ज था। पुलिस ने दुकान से ईसाई धर्म से संबंधित किताबें भी बरामद कीं। पुलिस अब अन्य संदिग्ध लोगों की जानकारी जुटा रही है। जयसिंहपुर कोतवाल सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सुरेंद्र यादव की तहरीर पर दुकान संचालक के खिलाफ धर्म परिवर्तन का केस दर्ज कर मुख्य आरोपी सहित चार लोगों को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने उससे पूछताछ किया। सोमवार दोपहर उसे कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेजा गया है।

Read More

Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर