एटा में दो पक्षों में पथराव, 4 घायल:मामूली मजाक पर शुरू हुआ विवाद, थाने में समझौते के बाद गांव पहुंचकर फिर भिड़े

एटा के जैथरा थाना क्षेत्र के कोल्हापुर बुजुर्ग गांव में सोमवार शाम मामूली मजाक पर शुरू हुआ विवाद मंगलवार को बड़ा बवाल बन गया। दोनों पक्षों में पहले थाने में समझौता हुआ, लेकिन गांव लौटते ही लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चल गए। झगड़े में चार लोग घायल हो गए। सभी को एटा के वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। मजाक से शुरू हुआ विवाद
गांव के आशीष और गोरेलाल के बीच हंसी-मजाक ने तूल पकड़ा। आरोप है कि पूर्व प्रधान के बेटे अभिनय और अंकित 7-8 लोगों के साथ आकर गोरेलाल पक्ष पर हमला कर बैठे। पुलिस ने पिंटू, आशीष और गोरेलाल को पकड़कर थाने ले गई और दोनों पक्षों में समझौता करवा दिया। गांव लौटते ही फिर भिड़े
थाने से लौटने के बाद मंगलवार को दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते लाठी-डंडे चले और पथराव शुरू हो गया। एक पक्ष से घनश्याम, नीलेश, गोरेलाल और संतराम घायल हुए, जबकि दूसरे पक्ष से महेंद्र को चोट आई। घायलों का बयान
दिल्ली में गाड़ी चलाने वाले घनश्याम ने बताया- मैं गांव आया था और झगड़ा शांत कराने की कोशिश कर रहा था। तभी विरोधी पक्ष की महिलाओं ने मुझ पर ईंट से हमला कर दिया। दूसरे पक्ष से घायल महेंद्र ने कहा- मेरे भतीजे घनश्याम ने मुझसे बात की थी, लेकिन सतेंद्र और शैलेन्द्र से झगड़ा हो गया। इसके बाद दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई। परसों भी आशीष और गोरेलाल के बीच मजाक को लेकर विवाद हुआ था। आधा दर्जन लोगों ने हम पर हमला किया। पुरानी रंजिश भी कारण
पूर्व प्रधान रघुनाथ ने बताया कि विवाद की जड़ पुरानी है। नामकरण संस्कार के दौरान शुरू हुई कहासुनी इसके पीछे वजह रही। परसों जब आशीष बाजार जा रहा था तो गोरेलाल पक्ष ने उसका मजाक उड़ाया। इसी को लेकर झगड़ा बढ़ गया और अब दोबारा भिड़ंत हो गई। मामले पर क्षेत्राधिकारी अलीगंज नीतिश सरकार ने कहा- दोनों पक्षों का विवाद संज्ञान में आया है। तथ्यों के आधार पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Read More

Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर