इटावा में सड़क हादसे में कॉपरेटिव सोसायटी सचिव की मौत:सुबह बाइक से ड्यूटी के लिए घर से निकले थे, अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर

इटावा के बकेवर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह बस्ती महेवा के पास सड़क हादसे में दयाल सिंह कॉपरेटिव सोसायटी मुरादगंज के सचिव वीरेंद्र सिंह (55) की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया। मृतक वीरेंद्र सिंह मूल रूप से औरैया थाना बिधूना, बेला रोड निवासी थे और बहनोई के घर अहेरीपुर में रहते थे। रोज की तरह सुबह बाइक से ड्यूटी के लिए निकले थे। बस्ती महेवा के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मारी। गंभीर रूप से घायल वीरेंद्र सिंह सड़क पर गिर पड़े। लोगों ने उनके मोबाइल से परिजनों को सूचना दी। उन्हें महेवा सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। भतीजे पुष्पेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि चाचा रोज की तरह ड्यूटी जा रहे थे, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया। मृतक के परिवार में पत्नी मिथलेश देवी, बेटा शुभम सिंह और दो बेटियां हैं। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश और हादसे की जांच शुरू कर दी है।

Read More

Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर