आधी आबादी साकार करेगी आत्मनिर्भर भारत का संकल्प:मेरठ पहुंचे भाजपा महामंत्री धर्मपाल सिंह, कहा- संगठन में भी बढ़ेगी मातृशक्ति की जिम्मेदारी
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने बुधवार को कहा कि आत्मनिर्भर भारत का संकल्प देश की आधी आबादी की पूर्ण भागीदारी से ही साकार होगा। उन्होंने जोर दिया कि भाजपा का अंत्योदय दर्शन भी तभी पूर्ण होगा, जब महिलाएं आत्मनिर्भर बनें और सामाजिक-राजनीतिक क्षेत्रों में नेतृत्व करें। धर्मपाल सिंह मोदीपुरम परतापुर स्थित होटल ब्रेवरा में पश्चिम क्षेत्र की महिला मोर्चा पदाधिकारियों और महिला जनप्रतिनिधियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भर भारत से विकसित भारत के संकल्प की ओर बढ़ रहा है, जिसके केंद्र में महिला सशक्तिकरण है।धर्मपाल सिंह ने संगठन में महिलाओं की भागीदारी और जिम्मेदारी बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में महिला नेतृत्व विकसित करना आवश्यक है, ताकि सरकारी योजनाएं और संगठन का संदेश महिलाओं तक पहुंचाने का माध्यम स्वयं महिलाएं बनें। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि महिलाओं के बीच महिलाओं की बात महिलाओं से ही करनी होगी, जिससे संगठन सशक्त, समाज आत्मनिर्भर और देश विकसित होगा। महामंत्री संगठन ने कहा कि महिलाओं को संगठन में प्रतिनिधित्व बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें अग्रिम मोर्चे पर नेतृत्व के लिए भी प्रेरित किया जाना चाहिए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मातृशक्ति आज प्रत्येक क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही है, और उनकी भागीदारी से आत्मनिर्भर भारत का संकल्प एक जन-आंदोलन का रूप लेगा, जो भारत को स्वदेशी, स्वावलंबी और विकसित राष्ट्र के मार्ग पर आगे बढ़ाएगा। उन्होंने मातृशक्ति का आह्वान किया कि वे सेवा, संगठन और संस्कार की त्रिवेणी से अपने सामर्थ्य के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान दें। उन्होंने यह भी कहा कि संगठन स्तर पर महिलाओं की भूमिका को और व्यापक बनाया जाए तथा प्रत्येक मंडल, शक्तिकेन्द्र और बूथ स्तर पर उनकी जिम्मेदारी तय की जाए, जिससे महिला से महिला तक संवाद की एक मजबूत श्रृंखला स्थापित हो सके।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/piHvVOz
Leave a Reply