आजम खान की कार के पीछे भागते रहे समर्थक:शाहजहांपुर में रोका काफिला, हाथ मिलाने के लिए कार के पायदान पर चढ़े

23 महीने बाद सीतापुर जेल से रिहा होने के बाद आजम खान का काफिला शाहजहांपुर पहुंचा। नगर विधानसभा और तिलहर विधानसभा में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। नेशनल हाईवे 24 पर सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खां और वरिष्ठ नेता सैय्यद रिजवान पहले से मौजूद थे। कार्यकर्ताओं ने आजम खान के समर्थन में नारेबाजी की। जैसे ही आजम खान की गाड़ी रुकी, कार्यकर्ता उनसे मिलने के लिए टूट पड़े। कार्यकर्ताओं में इतना जोश था कि उन्होंने आजम खान की कार को घेर लिया। कुछ कार्यकर्ता तो कार के पायदान पर ही खड़े हो गए। चलती कार से भी कार्यकर्ता हाथ मिलाते रहे। पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। पहले 4 तस्वीरें देखिए… कई कार्यकर्ताओं ने चलती कार में उनसे हाथ मिलाया और फिर उनका हाथ नहीं छोड़ा। कई बार आजम खां ने जबरन हाथ छुड़ाया। कार के पीछे पीछे कार्यकर्ता भागते रहे। आखिर में ड्राइवर को कार की रफ्तार बढ़ाना पड़ी तब जाकर आजम खां की कार वहां से निकल पाई। तिलहर विधानसभा क्षेत्र के हाईवे पर भी कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। यहां करीब दस मिनट तक जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस ने मुश्किल से काफिले को आगे बढ़ाया। वरिष्ठ नेता सैय्यद रिजवान ने कहा कि आजम खान ने समाजवादी पार्टी को सींचा है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी आजम खान और उनके परिवार को बधाई दी है।

Read More

Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर