आगरा नगर निगम कार्यकारणी की बैठक आज:उपसभापति के चुनाव के साथ ही 8 प्रस्तावों पर होगी चर्चा, जाम का मुद्दा भी उठेगा

आगरा नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक मंगलवार को होगी। इसमें यमुना किनारा लगने वाली जाम की समस्या सहित 8 प्रस्तावों पर चर्चा होगी। इसके साथ ही उपसभापति का भी चुनाव होगा। यमुना किनारा पर जाम की समस्या पर चर्चा
मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाह की ओर से कार्यकारिणी की बैठक के निर्देश जारी किए गए हैं। बैठक का एजेंडा भी जारी किया गया है। बैठक में उपसभापति के चुनाव के साथ लगभग 8 प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी। इसमें मुख्य प्रस्ताव यमुना किनारा पर लगने वाले जाम के संबंध में हैं। पार्षद राकेश जैन ने लगाया प्रस्ताव
कार्यकारिणी सदस्य राकेश जैन ने इस संबंध में प्रस्ताव लगाया है। उनका कहना है-मोतीगंज शहर की प्रमुख खाद्यान्न मंडी है। यहां जिले के साथ अन्य जिलों से भी लोग खरीदारी करने आते हैं। बड़ी संख्या में सामान यहां आता है और लोड किया जाता है। यहां दिनभर भीड़ रहती है। पार्किंग बनाने का दिया सुझाव
इसकी वजह से यमुना किनारा पर लो़डिंग वाहन खड़े रहते हैं। इससे यहां जाम के हालात बनते हैं। लोगों को बेवजह जाम की समस्या से जूझना पड़ता है। उनका सुझाव है-मोतीगंज मंडी के पास नाले के बराबर से नगर निगम की खाली जमीन पड़ी है। यदि उस जमीन पर पार्किंग बना दी जाए तो मोतीगंज में आने वाले वाहन सड़क पर खड़े नहीं होंगे। इससे यमुना किनारा रोड पर जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी। वहीं, पार्षद अमित सिंह ने मदिया कटरा से सरको मॉल तक की सड़क को दुरुस्त करने का प्रस्ताव लगाया है। बारिश के दिनों में यहां जलभराव होता है। ऐसे में उन्होंने इसके समाधान की मांग उठाई है। इसके अतिरिक्त गोकुलपुरा में गणगौर द्वार बनाने के प्रस्ताव पर भी चर्चा होगी।

Read More

Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर