अंबेडकरनगर में दुर्गा पूजा का उत्साह:पंडालों में उमड़ी भीड़, डीएम-एसपी ने सुरक्षा का भरोसा दिलाया
अंबेडकरनगर में दुर्गा पूजा का उत्साह देखा जा रहा है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पंडाल खोल दिए गए हैं, जहां भक्त मां दुर्गा के दर्शन कर रहे हैं। अकबरपुर के दुर्गा पूजा पंडालों ने अपनी भव्यता और अनोखी सजावट से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। शहजादपुर स्थित पंडालों में मां के दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं, जहां महिलाएं, बड़े-बुजुर्ग और बच्चे भक्तिभाव से माथा टेकते दिखे। नई सड़क शहजादपुर पर युवा देवी गीतों पर थिरकते नजर आए, वहीं श्रद्धालु सेल्फी लेते और वीडियो बनाते भी दिखे। नई सड़क पर भूतिया महल के रूप में सजा एक पंडाल विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। मां दुर्गा की प्रतिमा को फूलों, दीपों और पारंपरिक कलाकृतियों से भव्य रूप से सजाया गया था। पंडालों और मंदिरों में गूंजते माता के भजन और स्तुति गीतों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर ने देर शाम फ्लैग मार्च कर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए अलग-अलग कतारें बनाई गईं और नगर के प्रमुख मार्गों पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/UYruZeA
Leave a Reply