झांसी परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) आकाश कुलहरि गुरुवार को दो दिवसीय दौरे पर जालौन के उरई पहुंचे, जहां उन्होंने पुलिस कार्यालय का विस्तृत निरीक्षण किया। आईजी के अचानक आगमन से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के क्रम में आईजी ने अभिलेखों की गहन जांच की। इस दौरान कई अभिलेखों में कमियां पाए जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी रिकॉर्ड व्यवस्थित, अद्यतन और नियमों के अनुरूप होने चाहिए। आईजी ने संबंधित शाखा प्रभारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अभिलेखों में पाई गई खामियों को शीघ्र सुधारने के निर्देश दिए। इसके साथ ही आईजी ने नव निर्मित पुलिस अधीक्षक कार्यालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने भवन की व्यवस्थाओं, साफ-सफाई और सुविधाओं की सराहना करते हुए जालौन के पुलिस अधीक्षक की प्रशंसा की। आईजी ने कहा कि बेहतर कार्य वातावरण से पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता में वृद्धि होती है, जिसका सीधा लाभ जनता को मिलता है। निरीक्षण उपरांत आईजी आकाश कुलहरि ने पुलिस कार्यालय में जनता दरबार का आयोजन किया, जहां उन्होंने दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। फरियादियों द्वारा प्रस्तुत किए गए प्रार्थना पत्रों पर उन्होंने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। आईजी ने अधिकारियों को जनता के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाने और कानून व्यवस्था को और मजबूत करने पर जोर दिया। उनके इस निरीक्षण और सख्त निर्देशों से पुलिस विभाग में अनुशासन और जवाबदेही का संदेश गया। इस दौरान जालौन के डीएम राजेश कुमार पांडेय, पुलिस अधीक्षक डॉक्टर दुर्गेश कुमार के साथ, अपर पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार वर्मा और अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
https://ift.tt/fMYClt7
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply