कन्नौज के तिर्वा कस्बे में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर जमकर तंज कसा। उन्होंने कहा कि ‘घूसखोर पंडित’ और एसआईआर जैसे मामलों में सरकार ने नई पीढ़ी को उलझा रखा है, क्योंकि सरकार न तो नौकरी दे पा रही है और न ही रोजगार। सपा प्रमुख अखिलेश यादव दोपहर बाद तिर्वा स्थित डीएन इंटर कॉलेज के खेल मैदान पहुंचे। यहां उन्होंने चैलेंजर क्रिकेट क्लब द्वारा आयोजित टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होने मीडिया से बात की। अमेरिका द्वारा टैरिफ घटाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अब देश के लोग अमेरिका का खाना खाएंगे, अमेरिका के कपड़े पहनेंगे और अमेरिका का गुणगान करेंगे। भाजपा के वे लोग अब कहां हैं, जो स्वदेशी अपनाओ का नारा लगाते घूमते थे। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग नई पीढ़ी से घबराए हुए हैं। वे उन्हें नौकरी और रोजगार नहीं दे पा रहे हैं, इसलिए एसआईआर में उलझा दिया गया है। लखनऊ में दशरथ और नंदलाल कश्यप के नाम से फर्जी हस्ताक्षर कर मुस्लिमों के वोट कटवाए गए। जांच करने पर पता चला कि नंदलाल कश्यप को हस्ताक्षर करना ही नहीं आता, वह तो केवल अंगूठा लगाता है। घूसखोर पंडित के सवाल पर भाजपा को घेरा
मीडिया कर्मियों द्वारा घूसखोर पंडित फिल्म को लेकर पूछे गए सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा से सभी को सतर्क रहना चाहिए। राजनीति में बहुत कुछ होता है। ओटीटी पर फिल्म को जिसकी अनुमति दी गई, वही लोग मुकदमा भी करवा रहे हैं। इसी में लोगों को उलझाया जा रहा है। फिल्म के पक्ष में बोलोगे तो भी फंसोगे और नहीं बोलोगे तो भी फंसोगे। कन्नौज की उपलब्धियों के सवाल को मजाक में टाला
जब उनसे सांसद रहते कन्नौज की उपलब्धियों को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि मेरी उपलब्धि यही है कि रेलवे का भवन गिरने पर हमने ठेकेदार को पकड़ लिया।
तीखे सवाल पूछने वाले पत्रकारों के नाम पूछने पर उन्होंने कहा कि हम नाम इसलिए पूछते हैं, ताकि यह पता चल सके कि तुम्हें जानकारी है या नहीं। इसके बाद वहां मौजूद समर्थकों ने नारेबाजी शुरू कर दी। पत्रकार का मोबाइल छीना गया
अखिलेश यादव से सवाल करने वाले एक मीडिया कर्मी का मोबाइल एक सपा नेता ने छीन लिया और उसमें नोट किए गए सवालों की फोटो खींचकर पूर्व मुख्यमंत्री को दिखा दी।
श्रद्धांजलि कार्यक्रमों में हुए शामिल
सपा प्रमुख अखिलेश यादव तिर्वा में दिवंगत परमानंद तिवारी के घर पहुंचे, जहां उन्होंने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। इसके बाद वह महिला नेत्री संगीत पांडेय के दिवंगत पुत्र प्रथम पांडेय को श्रद्धांजलि देने पहुंचे।
इसके अलावा, वह अबंतीबाई नगर मोहल्ला स्थित जयकरन यादव के घर जाकर पुत्र शोक पर सांत्वना दी। सपा नेता अंशुल यादव के पिता के निधन पर उनके घर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद आनंद कठेरिया और अबीर अली के घर जाकर भी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। अंत में अखिलेश यादव होटल बीके ग्रांड पहुंचे, जहां उन्होंने इत्र कारोबारी राम दीक्षित के बेटे विशाल की शादी समारोह में शिरकत की और वर-वधु को शुभकामनाएं दीं।
https://ift.tt/5ucQxLq
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply