DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

ATM बदलकर ठगी करने वाले गिरोह का सदस्य गिरफ्तार:भदोही में 75 हजार की ठगी का खुलासा, तीन आरोपी फरार

भदोही पुलिस ने एटीएम बदलकर ठगी करने वाले एक अंतरजनपदीय गिरोह के सदस्य को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में दुर्गागंज थाना पुलिस ने की। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान शिवम सिंह उर्फ चंचल सिंह (24) पुत्र सुरेश सिंह के रूप में हुई है, जो प्रयागराज के हंडिया थाना क्षेत्र के समहाटेला का निवासी है। पुलिस ने उसके पास से ठगी में इस्तेमाल की गई अपाचे आरटीआर मोटरसाइकिल, 2000 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। यह गिरफ्तारी दुर्गागंज थाना क्षेत्र के शेरपुर गोपलहा निवासी मेहीलाल की शिकायत पर हुई। मेहीलाल ने बताया था कि 20 जनवरी को उनकी बहन आशा देवी जब दुर्गागंज बाजार स्थित एसबीआई एटीएम पर थीं, तब तीन युवकों ने बातों में उलझाकर उनका एटीएम कार्ड बदल दिया। इसके बाद 20 और 21 जनवरी 2026 को उनके खाते से कुल 75 हजार रुपये निकाल लिए गए। इस संबंध में थाना दुर्गागंज में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस पूछताछ में अभियुक्त शिवम सिंह ने बताया कि उसका चार सदस्यीय गिरोह है। यह गिरोह विभिन्न बैंकों के फर्जी एटीएम कार्ड रखता था। वे एटीएम पर आने वाले लोगों को बातों में उलझाकर उनका असली कार्ड बदल देते थे और पिन नंबर हासिल कर लेते थे। बाद में, अलग-अलग एटीएम से पैसे निकाल लिए जाते थे। अभियुक्त ने भदोही के अलावा मीरजापुर जनपद में भी कई ऐसी घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने इस मामले में धारा 317(2), 317(4), 112 बीएनएस की बढ़ोतरी की है। गिरोह के अन्य तीन फरार सदस्यों दीपक यादव, मोहित पासी और संदीप उर्फ अंकित की तलाश जारी है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक बीरबहादुर चौधरी, उपनिरीक्षक रमेश कुमार, हेड कांस्टेबल नंदलाल गौड़, कांस्टेबल विपिन कुमार और कांस्टेबल बलराम यादव शामिल थे। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे एटीएम पर किसी भी अपरिचित व्यक्ति से सहायता न लें और न ही अपना पिन नंबर किसी के साथ साझा करें।


https://ift.tt/GxutBEi

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *