राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर कल रविवार, 8 फरवरी 2026 को आयोजित होने वाले विराट हिन्दू सम्मेलन के सफल आयोजन को लेकर शनिवार को जोशीपुरम स्थित आरोग्य हॉस्पिटल में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। जिसमें आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम की रूपरेखा और उद्देश्य की जानकारी दी। कार्यक्रम के संरक्षक श्री अमित कौशिक ने बताया कि संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में समाज के समग्र उत्थान हेतु पंच परिवर्तन के विषय को केंद्र में रखते हुए यह सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। वहीं कार्यक्रम अध्यक्ष श्री अजय कुमार ने समाज में एकता, समरसता और समान सोच के साथ चलने पर विशेष जोर दिया। प्रेस वार्ता में वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में हिन्दू समाज में अनेक प्रकार की सामाजिक विकृतियां उत्पन्न हो रही हैं, जिससे परिवार टूट रहे हैं और सामाजिक समस्याएं बढ़ रही हैं। इन्हीं चुनौतियों के समाधान के लिए संघ द्वारा पंच परिवर्तन कार्यक्रम प्रारंभ किया गया है। वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि हिन्दू समाज में कार्य के आधार पर कोई भेद नहीं होना चाहिए। सभी हिन्दू एक हैं और जातिगत विभाजन को समाप्त कर समाज को संगठित करना ही इस अभियान का उद्देश्य है। साथ ही अधिकारों के साथ-साथ अपने सामाजिक, पारिवारिक और राष्ट्रीय कर्तव्यों के प्रति जागरूकता लाने पर भी बल दिया गया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में संघ के शताब्दी वर्ष के अंतर्गत अब तक हुए कार्यक्रमों की जानकारी भी दी गई। बताया गया कि विजयदशमी पर पथ संचलन, घर-घर संपर्क अभियान के बाद अब बस्तियों में जाकर विराट हिन्दू सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। यह कार्यक्रम इसी क्रम में आदर्श नगर, जवाहर क्वार्टर, कल्याणी, पीड़ और उड़ी कॉलोनी की संयुक्त सहभागिता से आयोजित किया जा रहा दूसरा सम्मेलन है। आयोजन समिति के अनुसार सम्मेलन का शुभारंभ सुबह 11 बजे यज्ञ के साथ होगा। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम, हनुमान चालीसा पाठ, साध्वी जी का बौद्धिक संबोधन, प्रसाद वितरण सहित अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजन समिति ने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में सम्मेलन में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।
https://ift.tt/BQ1ZO56
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply