संभल के जिला कलेक्टर बहजोई सभागार में जिला प्रभारी एवं उत्तर प्रदेश सरकार के होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा राज्यमंत्री धर्मवीर प्रजापति का भाजपा जिलाध्यक्ष चौधरी हरेंद्र सिंह रिंकू सहित अन्य लोगों ने स्वागत किया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री अजीत कुमार राजू और पूर्व जिलाध्यक्ष ओमवीर खड़गवंशी भी मौजूद रहे। मंत्री ने यहां केंद्रीय बजट 2026-27 पर चर्चा की। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026-27 पर चर्चा के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एम्स बनाने की घोषणा की गई। इस पर शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी ने चंदौसी में एम्स स्थापित करने की मांग उठाई। प्रभारी मंत्री ने इस मांग पर कहा कि सभी विधायक-सांसद अपने क्षेत्र का विकास चाहते हैं, लेकिन सरकार सभी सुविधाओं को देखकर अपने हिसाब से निर्णय लेती है। उन्होंने गुलाब देवी की मांग को आगे बढ़ाने पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। मंत्री ने बजट को देश को ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की ओर ले जाने वाला बताया। उन्होंने कहा कि इसका मुख्य फोकस आर्थिक विकास की गति बढ़ाने, नागरिकों की आकांक्षाओं को पूरा करने और ‘सबका साथ–सबका विकास’ के सिद्धांत पर आधारित समावेशी प्रगति पर है। वित्त वर्ष 2026-27 के लिए कुल बजट आकार ₹53.5 लाख करोड़ निर्धारित किया गया है। आयकर के मोर्चे पर मध्यम वर्ग को राहत दी गई है। नई कर व्यवस्था में धारा 87A के तहत ₹12 लाख तक की आय को कर मुक्त रखा गया है। वेतनभोगियों को ₹75,000 की मानक कटौती का लाभ मिलेगा, जिससे ₹12.75 लाख तक की सैलरी प्रभावी रूप से कर मुक्त हो जाएगी। इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में 7 नए हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर, आंतरिक जलमार्गों के विस्तार और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अतिरिक्त घरों के निर्माण का प्रावधान किया गया है। शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में बालिकाओं के लिए गर्ल्स हॉस्टल, कैंसर व दुर्लभ बीमारियों की 17 दवाओं पर कस्टम ड्यूटी समाप्त करने और नए आयुर्वेद संस्थानों की स्थापना का भी ऐलान हुआ है।
https://ift.tt/KPdS3jn
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply