कानपुर हैलट अस्पताल में जूनियर डॉक्टरों की लापरवाही का एक हैरत अंगेज मामला सामने आया है। एक जिंदा बुजुर्ग को जूनियर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद उसके शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए पुलिस इंफॉर्मेशन (Pi) भी पुलिस को भेज दिया। स्वरूप नगर थाना की पुलिस की सूचना पर गोविंद नगर पुलिस बॉडी को हैलट की माेर्चुरी में जमा कराने के लिए पहुंची। वहां वह जिंदा निकला। इसके बाद हैलट प्रशासन में हड़कंप मच गया। जूनियर डॉक्टरों की लापरवाही की जानकारी पर प्रमुख अधीक्षक डॉ. आरके सिंह मौके पर पहुंचे। लापरवाही बरतने वाले तीन जूनियर डॉक्टरों को कड़ी फटकार लगाई। गोविंद नगर थाना के इंस्पेक्टर रिकेश कुमार सिंह ने बताया कि करीब 5 दिन पहले इलाके में एक 60 वर्षीय बुजुर्ग बेहोशी की हालत में मिला था। इलाके में पूछताछ के बाद भी बुजुर्ग की पहचान नहीं हो सकी। उन्हें हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया था। प्रमुख अधीक्षक डॉ. आरके सिंह ने बताया कि बुजुर्ग को उल्टी, दस्त की बीमारी थी। उन्हें वार्ड नंबर 12 के बेड नंबर 43 पर भर्ती कराया गया था। वहां उनका इलाज चल रहा था। उनकी देखरेख में लगे जूनियर डॉक्टरों ने शनिवार को बुजुर्ग को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव के पोस्टमार्टम के लिए स्वरूप नगर थाने को जानकारी दे दी। अब पूरा मामला सामने आया तो अस्पताल प्रशासन में अफरा-तफरी है। इस मामले की जानकारी पर प्रमुख अधीक्षक मौके पर पहुंचे। पूरी बात समझी। इसमें जूनियर डॉक्टरों की लापरवाही उजागर हुई। उन्होंने जूनियर डॉक्टरों को कड़ी फटकार लगाई। प्रमुख अधीक्षक ने बताया कि निश्चित रूप से जूनियर डॉक्टरों की लापरवाही सामने आई है। मामले की जानकारी प्राचार्य डॉ. संजय काला को दे दी है। जूनियर डॉक्टरों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा रही है।
https://ift.tt/UY3vVhG
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply