हापुड़ में लगातार गिरते तापमान और बढ़ती ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। हापुड़ में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री दर्ज किया गया। जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय के निर्देश पर नगर पालिका ने शहर के प्रमुख स्थानों पर अस्थायी रैन बसेरों की व्यवस्था की है। इसका उद्देश्य निराश्रित और असहाय लोगों को शीतलहर से बचाना है। प्रशासन ने सभी विभागों को सख्त निर्देश दिए हैं कि कोई भी व्यक्ति खुले में रात न बिताए। अलग अलग 3 स्थान पर बने रैन बसेरे नगर पालिका द्वारा हापुड़ सिटी में कुल तीन रैन बसेरे स्थापित किए गए हैं। ये रैन बसेरे रेलवे स्टेशन परिसर, अतरपुरा चौपला और मजीदपुरा में हैं। नगर पालिका कर्मियों ने रात के समय इन जगहों पर साफ-सफाई सुनिश्चित की है और बेड, गद्दे, कंबल तथा रजाई की पर्याप्त व्यवस्था की है, जिससे जरूरतमंद लोगों को ठंड से राहत मिल सके। खुले में न सोने की अपील इन रैन बसेरों में आने वाले लोगों के लिए बैठने और सोने की सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। सुरक्षा के मद्देनजर यहां कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है। नगर पालिका ईओ संजय मिश्रा ने बताया कि ठंड बढ़ने के साथ ही रैन बसेरों की क्षमता और सुविधाओं को भी बढ़ाया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त कंबल और बिस्तर की व्यवस्था भी की जाएगी। प्रशासन ने सामाजिक संगठनों और नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई निराश्रित व्यक्ति खुले में ठंड में बैठा दिखाई दे, तो तुरंत नियंत्रण कक्ष या नगर पालिका को सूचित करें। इससे उसे सुरक्षित रैन बसेरे तक पहुंचाया जा सकेगा। जिला प्रशासन की यह पहल ठंड के मौसम में शहर के असहाय लोगों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है।
https://ift.tt/p1lIqLD
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply