हापुड़ में ड्यूटी पर तैनात एक होमगार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के एनएच-09 स्थित पुराने हाईवे पर एक अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। होमगार्ड यातायात व्यवस्था बहाल करने के लिए मौके पर पहुंचा था। जानकारी के मुताबिक कस्बा छावनी क्षेत्र में मन्नत होटल के सामने एक स्विफ्ट कार और दूध से लदे कैंटर के बीच जोरदार टक्कर हो गई थी। इस टक्कर के कारण हाईवे पर यातायात बाधित हो गया था। हादसे की सूचना मिलते ही कस्बा लेपर्ड वाहन पर तैनात होमगार्ड विनोद कुमार और हेड कांस्टेबल सुधीर कुमार मौके पर पहुंचे। दोनों पुलिसकर्मी घटनास्थल का निरीक्षण कर रहे थे और हाईवे पर यातायात को सुचारु कराने में जुटे थे, ताकि कोई और दुर्घटना न हो। इसी दौरान, एक अज्ञात वाहन चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए सड़क किनारे खड़े होमगार्ड विनोद कुमार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि होमगार्ड विनोद कुमार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। हेड कांस्टेबल सुधीर कुमार ने राहगीरों की मदद से घायल होमगार्ड को तुरंत गढ़ रोड स्थित देवनंदनी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में होमगार्ड विनोद कुमार का इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार, उनकी हालत फिलहाल स्थिर है, लेकिन शरीर पर कई गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है और घटनास्थल तथा आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। थाना बाबूगढ़ प्रभारी मुनीष प्रताप सिंह का कहना है कि आरोपी चालक की जल्द पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
https://ift.tt/oV9plUZ
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply