हरदोई में बिजली के उपकरणों और ट्रांसफार्मर के कीमती कलपुर्जे चोरी करने वाला एक गिरोह सक्रिय हो गया है। कोतवाली देहात क्षेत्र में लगातार दो बड़ी वारदातों के बाद विद्युत विभाग ने आम जनता के लिए अलर्ट जारी किया है। विभाग ने लोगों से सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा के लिए सजग रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या विभाग को देने की अपील की है। चोरी की पहली घटना 1 फरवरी 2026 की रात उमरौली गांव में हुई। यहां चोरों ने 250 केवीए के एक ट्रांसफार्मर को निशाना बनाया। इस संबंध में विभाग ने तत्काल प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस अभी इस मामले की जांच कर ही रही थी कि 3 फरवरी की रात रेलवे लाइन (चांदमारी) के पास एक और वारदात हुई। चोरों ने 400 केवीए के ट्रांसफार्मर को चोरी करने का प्रयास किया। हालांकि, आस-पड़ोस के लोगों के जाग जाने के कारण वे पूरा ट्रांसफार्मर नहीं ले जा सके, लेकिन उसका कीमती तेल और लीड चोरी करने में सफल रहे। विद्युत विभाग के अधिकारियों के अनुसार, यह गिरोह रात के अंधेरे में मोहल्लों और गांवों में लगे ट्रांसफार्मर के पुर्जे और तेल चोरी कर रहा है। विभाग ने चेतावनी दी है कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की मदद से चोरों की तलाश में जुट गई है। विभाग ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि रात में बिजलीघर के आसपास कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत नजदीकी पुलिस चौकी या विभागीय कर्मचारियों को सूचित करें।
https://ift.tt/IXReaNv
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply