DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

हरदोई में रिटायर्ड बैंक मैनेजर को गोली लगी:लाइसेंसी बंदूक साफ करते समय हादसा, मेडिकल कॉलेज में भर्ती

हरदोई जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र के अनंग बेहटा गांव में 75 वर्षीय रिटायर्ड बैंक मैनेजर अवधेश कुमार त्रिपाठी को संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लग गई। पेट के निचले हिस्से में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल हरदोई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार, अवधेश कुमार त्रिपाठी लगभग 10 वर्ष पूर्व आर्यावर्त बैंक से बैंक मैनेजर के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। बताया जा रहा है कि वह कुछ समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके चचेरे भाई श्यामा कुमार त्रिपाठी ने बताया कि घटना के समय अवधेश अपनी लाइसेंसी बंदूक साफ कर रहे थे, तभी अचानक गोली चल गई और वह घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली देहात पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह मामला एक हादसे का लग रहा है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है, जिसमें लाइसेंसी हथियार और घटनास्थल से जुड़े तथ्यों की पड़ताल भी शामिल है। घायल अवधेश कुमार त्रिपाठी की हालत फिलहाल गंभीर बनी हुई है और डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। उनके तीन पुत्र और एक पुत्री हैं। सभी परिजन मेडिकल कॉलेज में मौजूद हैं और लगातार डॉक्टरों से उनकी स्वास्थ्य स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।


https://ift.tt/jR1dsfw

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *