हरदोई जनपद के अतरौली थाना क्षेत्र में नेवादा चौराहे के पास नायरा पेट्रोल पंप के सामने मिले अज्ञात शव की पहचान हो गई है। मृतक की शिनाख्त राजू (40 वर्ष) के रूप में हुई है। वह अतरौली थाना क्षेत्र के ग्राम औढापट्टी भैदा के निवासी थे। मृतक के भतीजे अरविंद ने थाने पहुंचकर शव की पहचान की, जिसके बाद पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। यह शव रविवार को नेवादा कस्बे के पास सड़क किनारे एक ओएमसी खंभे के पास मिला था। मृतक प्राइवेट सिक्योरिटी गार्ड की वर्दी पहने हुए था, जिससे क्षेत्र में विभिन्न प्रकार की अटकलें लगाई जा रही थीं। शव मिलने की सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई थी। प्रारंभिक तौर पर पुलिस इसे लावारिस मान रही थी, लेकिन कुछ ही घंटों के भीतर मृतक के परिजन थाने पहुंच गए। भतीजे अरविंद ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके चाचा राजू की मृत्यु अज्ञात कारणों से हुई है। परिजनों ने मृत्यु का वास्तविक कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराने की मांग की है। अतरौली के प्रभारी निरीक्षक के निर्देश पर उपनिरीक्षक वीरेंद्र सिंह तोमर और सुशील त्रिपाठी की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव का पंचनामा किया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृतक के शरीर पर बाहरी चोट के निशान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही मौत की सही वजह स्पष्ट हो पाएगी। शिनाख्त होने के बाद पुलिस अब परिजनों से पूछताछ कर रही है और मामले के अन्य संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।
https://ift.tt/gt1LmrH
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply