हरदोई जनपद के पिहानी कोतवाली क्षेत्र स्थित इटारा गांव में सोमवार को भीम आर्मी कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए प्रदर्शन के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। कानून व्यवस्था भंग करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिसकर्मियों से अभद्रता के आरोप में 35 नामजद और 90 अज्ञात प्रदर्शनकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। यह प्रदर्शन बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के संबंध में सोशल मीडिया पर की गई एक कथित अभद्र टिप्पणी के विरोध में आयोजित किया गया था। भीम आर्मी भारत एकता मिशन के तहसील अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार गौतम के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हुए थे। प्रदर्शनकारियों ने इटारा-करावा मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया। लगभग दो घंटे तक चले इस हंगामे के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। भीषण गर्मी और जाम में स्कूली बच्चे, मरीज और आम राहगीर फंसे रहे, जिससे उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर पिहानी पुलिस मौके पर पहुंची और जाम खुलवाने का प्रयास किया। इस दौरान प्रदर्शनकारी उग्र हो गए और उन्होंने पुलिसकर्मियों के साथ कथित तौर पर धक्का-मुक्की की, जिससे सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न हुई। स्थिति बिगड़ती देख अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया और पूरे घटनाक्रम की वीडियोग्राफी कराई गई। पुलिस ने सख्ती बरतते हुए अंततः जाम खुलवाया और अराजकता फैलाने वालों को खदेड़ दिया। पुलिस प्रशासन ने चेतावनी दी है कि वर्दी पर हाथ डालने और भीड़ के दम पर दबाव बनाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। वीडियोग्राफी के आधार पर अज्ञात आरोपियों की पहचान की जा रही है ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
https://ift.tt/d1ecu8E
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply