हरदोई के सांडी थाना क्षेत्र के परसापुर गांव में 40 वर्षीय एक व्यक्ति का शव जामुन के पेड़ से लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक की पहचान परसापुर निवासी कल्लू उर्फ राकेश (40) पुत्र दीपनारायण के रूप में हुई है, जो पेशे से किसान थे। मंगलवार सुबह ग्रामीण जब खेतों की ओर गए, तो उन्होंने गांव के पास एक जामुन के पेड़ पर मफलर के सहारे राकेश का शव लटका देखा। ग्रामीणों ने तत्काल परिजनों को इसकी सूचना दी। मृतक के बड़े भाई गिरजाशंकर ने पुलिस को बताया कि राकेश शराब का आदी था। पिछले चार-पांच दिनों से शराब न मिलने के कारण वह गुमसुम और तनावग्रस्त था। सोमवार देर शाम वह घर पर था, जिसके बाद वह अचानक कहीं चला गया। परिजनों ने रातभर उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। मंगलवार सुबह उसका शव पेड़ से लटका हुआ पाया गया। राकेश अपने चार भाइयों में तीसरे नंबर पर थे और उनकी कोई संतान नहीं थी। घर पर उनकी पत्नी आरती का बुरा हाल है। प्रभारी निरीक्षक बसंत राम ने बताया कि पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
https://ift.tt/ciSv8Ap
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply