उत्तर प्रदेश के पंचायतीराज विभाग ने हरदोई के प्रभारी जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) विनय कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई कार्यों में शिथिलता, अनुशासनहीनता और उच्चाधिकारियों के आदेशों की अनदेखी के गंभीर आरोपों के बाद की गई है। निदेशक अमित कुमार सिंह ने निलंबन का आदेश जारी किया। जांच रिपोर्ट में सामने आया है कि जनपद हरदोई में डिजिटल लाइब्रेरी (बाल एवं किशोर पुस्तकालय) की स्थापना का कार्य निर्धारित समय पर पूरा नहीं किया गया। इसके अलावा, आर.जी.एस.ए. (RGSA), स्वच्छ भारत मिशन (SBM) और अंत्येष्टि स्थल निर्माण सहित कई अन्य महत्वपूर्ण विभागीय योजनाओं में प्रगति बेहद खराब पाई गई। सिंह पर विभागीय समितियों के कार्यों में रुचि न लेने और अपने पदीय दायित्वों के निर्वहन में शिथिलता बरतने का भी आरोप सिद्ध हुआ है। उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक नियमावली 1999 के तहत विनय कुमार सिंह के विरुद्ध विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। देवीपाटन मंडल के उपनिदेशक (पंचायत) गिरीश चन्द्र रजक को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्हें एक माह के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है। निलंबन की अवधि के दौरान विनय कुमार सिंह पंचायतीराज निदेशालय, लखनऊ से संबद्ध रहेंगे। नियमों के अनुसार, उन्हें निलंबन अवधि में जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा, बशर्ते वह किसी अन्य व्यवसाय या सेवा में संलग्न न हों।
https://ift.tt/IaQRHgJ
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply