DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

हमीरपुर में किसान ने केले की खेती से कमाया मुनाफा:त्रिलोकी ने पारंपरिक खेती छोड़ 2 एकड़ में शुरू की खेती, एक एकड़ में ढाई लाख कमाया मुनाफा

हमीरपुर ज़िले के मुस्करा ब्लॉक क्षेत्र में अब कुछ किसान पारंपरिक खेती से हटकर नई फसलों की ओर रुख कर रहे हैं। इन्हीं किसानों में से एक हैं त्रिलोकी राजपूत, जिन्होंने केले की खेती कर अच्छा मुनाफा कमाया है। त्रिलोकी की सफलता को देखकर क्षेत्र के अन्य किसान भी अब केले की खेती अपनाने का मन बना रहे हैं। त्रिलोकी बताते हैं कि वे पहले मटर, मसूर, चना और गेहूं जैसी पारंपरिक फसलों की खेती करते थे। शुरुआती समय में इसमें फायदा होता था, लेकिन खाद, बीज, डीज़ल और मजदूरी के दाम बढ़ने के कारण अब इस खेती में मुनाफा लगभग खत्म हो गया है। ऊपर से बारिश, ओलावृष्टि जैसी दैवीय आपदाओं के कारण कई बार पूरी फसल बर्बाद हो जाती थी। इन्हीं समस्याओं से परेशान होकर त्रिलोकी ने कुछ नया करने का फैसला लिया और दो एकड़ भूमि में केले की खेती शुरू की। उन्होंने करीब 2500 केले के पौधे लगाए, जिनकी फसल अब तैयार हो चुकी है। अब तक वे 100 क्विंटल केले की बिक्री कर चुके हैं। त्रिलोकी राजपूत का कहना है कि बुंदेलखंड क्षेत्र में केले की खेती जुलाई महीने में करना बेहद ज़रूरी है, क्योंकि देरी होने पर नुकसान की संभावना बढ़ जाती है। इस फसल में वही खाद उपयोग होती है जो अन्य फसलों में दी जाती है। जिन किसानों के पास सिंचाई की बेहतर व्यवस्था है, उनके लिए यह फसल बेहद लाभदायक साबित हो सकती है। उन्होंने बताया कि एक एकड़ में 250 से 300 क्विंटल तक उत्पादन होता है। यदि बाजार में केले का भाव 10 रुपये प्रति किलो भी रहा, तो किसान ढाई लाख रुपये प्रति एकड़ तक कमा सकता है। भाव बढ़ने पर आमदनी और भी ज्यादा हो सकती है। पारंपरिक खेती की तुलना करते हुए त्रिलोकी बताते हैं कि मटर की अच्छी पैदावार अधिकतम 5 क्विंटल होती है, जिसकी कीमत लगभग 15 हजार रुपये मिलती है। इसमें करीब 5 हजार रुपये खर्च निकलने के बाद सिर्फ 10 हजार रुपये की ही आमदनी बचती है।


https://ift.tt/atGgB9C

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *