गोरखपुर नगर निगम में शनिवार को आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशों के तहत स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के सफल आयोजन को लेकर नगर निगम गोरखपुर द्वारा की जा रही तैयारियों की समीक्षा की गई। इस संबंध में नगर आयुक्त की अध्यक्षता में जोन-02 की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जोन-01 के वार्ड संख्या 01, 03, 04, 06, 07, 17, 18, 19, 21, 22, 23, 25, 29, 35, 39, 45 और 67 में प्रस्तावित थर्ड पार्टी फील्ड असेसमेंट को ध्यान में रखते हुए जमीनी स्तर पर हो रहे कार्यों की गहन समीक्षा की गई। मासिक प्रगति रिपोर्ट और निर्धारित टूल-किट के आधार पर कार्यों का मूल्यांकन किया गया ताकि सर्वेक्षण में अधिकतम अंक प्राप्त किए जा सकें। बैठक में सभी वार्डों में आवासीय, व्यवसायिक और सार्वजनिक स्थलों पर शत-प्रतिशत डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण, कूड़े का स्रोत पर पृथक्करण, नालों-नालियों की सफाई, सार्वजनिक और सामुदायिक शौचालयों की नियमित सफाई पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। खुले में शौच-मूत्र, रेड स्पॉट, कूड़ा जलाने जैसी गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई करते हुए चालान और जुर्माना लगाने के निर्देश भी दिए गए।
निर्देश दिए गए कि सभी वार्ड पूरी तरह कचरामुक्त रहें, कहीं भी कूड़ा दिखाई न दे। जनता की ऑनलाइन और ऑफलाइन शिकायतों का तुरंत निस्तारण किया जाए, जिससे सकारात्मक फीडबैक मिल सके। मलीन बस्तियों में विशेष सफाई अभियान और जन-जागरूकता पर भी जोर दिया गया।
वेंडिंग जोन में सफाई बनाए रखने के लिए सभी वेंडरों को कचरा पात्र रखना अनिवार्य किया गया। नियमों का पालन न करने वाले वेंडरों पर जुर्माना लगाने के निर्देश दिए गए। सभी शौचालय और मूत्रालय मानक के अनुसार साफ-सुथरे रहें, डिवाइडरों पर रेड स्पॉट न हों, इसका भी विशेष ध्यान रखने को कहा गया।
सभी नाले, नालियां, सरोवर और घाटों में ठोस कचरा न हो, इसके लिए नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। आवासीय क्षेत्रों में कम से कम एक बार विशेष सफाई अभियान चलाने और रोजाना कूड़ा संग्रहण सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि यूजर चार्ज की शत-प्रतिशत वसूली हो सके।
सभी वार्डों के सुपरवाइजर और मेट को निर्देशित किया गया कि जिन स्थानों को मासिक प्रगति रिपोर्ट में शामिल किया गया है, वहां रोजाना विशेष निगरानी रखें और किसी भी समय निरीक्षण होने पर सभी व्यवस्थाएं मानक के अनुरूप मिलें।
नगर निगम द्वारा सभी जोनों की समीक्षा बैठक पूरी कर ली गई है। अब प्रतिदिन सुबह जूम मीटिंग के जरिए वार्डवार सफाई कार्यों की समीक्षा की जाएगी। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से स्थलों की जांच की जाएगी, ताकि किसी भी कमी को तुरंत दूर किया जा सके। बैकलेन, पेंटिंग, 3-आर सेंटर, एमआरएफ सेंटर, कंपोस्ट पिट आदि की भी नियमित जांच होगी।
नगर निगम गोरखपुर द्वारा यह सभी कार्यवाहियां जीएफसी 7-स्टार रैंकिंग प्राप्त करने के उद्देश्य से की जा रही हैं। साथ ही स्वच्छ घाट प्रतियोगिता में भी नगर निगम भाग ले रहा है, जिसके तहत घाटों की सफाई और सौंदर्यीकरण के साथ-साथ जन-जागरूकता से जुड़ी पेंटिंग का कार्य किया जा रहा है।
बैठक में अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार, जोनल अधिकारी अनुष्का सिंह, एसबीएम से जुड़े अधिकारी, सफाई निरीक्षक, सुपरवाइजर, मेट और एसबीएम की टीम मौजूद रही।
https://ift.tt/7cJbv30
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply