DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

स्तन कैंसर का 90% तक इलाज संभव:GSVM मेडिकल कॉलेज ने जागरूकता अभियान चलाया

विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर जीएसवीएम (GSVM) मेडिकल कॉलेज के प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग ने महिलाओं को स्तन कैंसर के प्रति जागरूक करने के लिए एक विशेष अभियान चलाया। ‘आओ देखो सीखे’ कार्यक्रम के तहत 500 से अधिक महिलाओं को स्तन कैंसर की पहचान और बचाव का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम की मुख्य वक्ताओं और विशेषज्ञों ने बताया कि भारत में स्तन कैंसर महिलाओं में होने वाला सबसे आम कैंसर है। आंकड़ों के अनुसार, देश में हर साल लगभग 2 लाख नए मामले सामने आते हैं। चिंताजनक बात यह है कि जागरूकता की कमी के कारण लगभग 50 से 60 प्रतिशत महिलाएं बीमारी के गंभीर चरण में ही अस्पताल पहुँचती हैं। विशेषज्ञों ने इस बात पर जोर दिया कि यदि स्तन कैंसर की पहचान शुरुआती अवस्था में हो जाए, तो उपचार की सफलता दर 90 प्रतिशत तक होती है। इसी उद्देश्य से महिलाओं को ‘स्तन स्व-परीक्षण’ (Breast Self Examination) की सरल और प्रभावी विधि सिखाई गई, जो पूरी तरह नि:शुल्क है। विभागाध्यक्ष डॉ. रेनू गुप्ता ने महिलाओं को प्रेरित करते हुए कहा, “स्तन स्व-परीक्षण एक सरल और सुरक्षित तरीका है। महिलाएं स्वयं अपने स्वास्थ्य की निगरानी कर सकती हैं। नियमित जांच से किसी भी बदलाव को समय रहते पहचाना जा सकता है, जिससे सफल उपचार की संभावना बढ़ जाती है।” जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. संजय काला ने इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करते हैं और महिलाओं को सशक्त बनाना ही इस दिवस की वास्तविक सार्थकता है। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में विभाग की वरिष्ठ फैकल्टी सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। प्रशिक्षण देने वाले चिकित्सकों में डॉ. नीना गुप्ता, डॉ. सीमा द्विवेदी, डॉ. गरिमा गुप्ता, डॉ. करिश्मा शर्मा, डॉ. प्रज्ञा, डॉ. प्रतिमा, डॉ. रश्मि गुप्ता और डॉ. नीलू शामिल थीं।


https://ift.tt/lIFcvTj

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *