DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

सोनभद्र में ठंड का प्रकोप जारी, जनजीवन प्रभावित:दो दिनों में 4 डिग्री गिरा पारा, सर्द हवा चलने से गलन बढ़ी

सोनभद्र में कड़ाके की ठंड का प्रकोप लगातार जारी है। बीते दो दिनों में न्यूनतम तापमान में लगभग तीन से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। इसके कारण सुबह और शाम के समय गलन बढ़ गई है, जबकि दिनभर ठंडी हवाएं चलने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग के प्रेक्षक राजन सिंह के अनुसार, बुधवार को न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री और अधिकतम 22.4 डिग्री, जबकि सोमवार को न्यूनतम 9.4 डिग्री और अधिकतम 22.8 डिग्री सेल्सियस रहा। रविवार को न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री और अधिकतम 22.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। जनपद में सुबह के समय घना कोहरा छा रहा है, जिससे सड़कों पर दृश्यता बेहद कम हो जा रही है। वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर वाहन चलाने को मजबूर होना पड़ रहा है। जिला मुख्यालय राबर्ट्सगंज में सुबह करीब साढ़े सात बजे के बाद धूप निकलती है, जबकि अनपरा, डाला और चोपन क्षेत्रों में सूर्यदेव के दर्शन दस बजे के बाद ही हो पा रहे हैं। बुधवार को सुबह से ही सर्द हवाएं चलती रहीं और दिन में निकली धूप भी बेअसर साबित हुई। शाम ढलते ही गलन और बढ़ गई, जिससे बाजारों में लोगों की आवाजाही कम हो गई। देर शाम लोग ठंड से ठिठुरते नजर आए और अधिकांश लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए। लगातार बढ़ रही ठंड को देखते हुए राबर्ट्सगंज नगर के सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की गई है। हालांकि, ग्रामीण क्षेत्रों में अब तक अलाव की पर्याप्त व्यवस्था नहीं हो पाई है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट की संभावना जताई है, जिससे ठंड का असर और बढ़ सकता है।


https://ift.tt/eZ5fwj3

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *