उन्नाव के गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र में एक सेल्समैन के घर लाखों रुपये के जेवरात चोरी हो गए। चोरों ने घर में घुसकर करीब पांच लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ किया और फरार हो गए। इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। पीड़ित की पहचान गंगाघाट थाना क्षेत्र के मनसुख खेड़ा चंपापुरवा निवासी जयकुमार ठाकुर पुत्र स्वर्गीय मगनू के रूप में हुई है। जयकुमार पेशे से सेल्समैन हैं। उन्होंने बताया कि घटना उस समय हुई जब घर के सदस्य किसी काम से बाहर गए हुए थे। अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर प्रवेश किया और अलमारी व संदूक में रखे कीमती जेवरात चुरा लिए।
चोरी हुए सामान में दो सोने के लॉकेट, चार नाक की कील, एक सोने का मांग टीका, दो सोने की अंगूठी, एक चांदी की जंजीर, एक चांदी का लॉकेट और 24 चांदी के दाने शामिल हैं। चोरी हुए जेवरातों की कुल कीमत लगभग पांच लाख रुपये आंकी गई है। परिजनों के घर लौटने पर कमरों का सामान बिखरा मिला, जिससे चोरी का पता चला। घटना की सूचना मिलते ही गंगाघाट पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। गली में लगे सीसीटीवी कैमरों में कुछ संदिग्ध युवक दिखाई दिए हैं, जिनकी फुटेज पुलिस ने कब्जे में ले ली है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। इस घटना के बाद गंगाघाट पुलिस की सक्रियता पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था में कमी है। लोगों ने रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। गंगाघाट कोतवाली प्रभारी अजय सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर चोरी का खुलासा किया जाएगा।
https://ift.tt/nrPv8kE
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply