DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

सेल्समैन की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा:पीटकर हत्या के बाद सड़क हादसा दिखाने की कोशिश, दो पर मुकदमा दर्ज

संभल में एक पेट्रोल पंप पर मिले युवक के शव के मामले में नया खुलासा हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला है कि युवक की मौत सड़क हादसे में नहीं, बल्कि पीट-पीटकर हत्या करने से हुई थी। हत्या को दुर्घटना का रूप देने के लिए शव को आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर फेंका गया था। भाई की शिकायत पर दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। यह घटना संभल जिले की गुन्नौर तहसील के बबराला थाना क्षेत्र में 2 फरवरी की मध्यरात्रि को हुई थी। मृतक की पहचान हापुड़ जिले के गढ़मुक्तेश्वर थाना क्षेत्र के आदर्श नगर निवासी 40 वर्षीय रविंद्र सिंह पुत्र जगवीर के रूप में हुई है। रविंद्र बबराला के उसी पेट्रोल पंप पर काम करने आया था। आरोप है कि उसी रात उसका अपने पैतृक गांव निवासी राहुल और पेट्रोल पंप पर रह रहे राजेश से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों आरोपियों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से रविंद्र की बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद, आरोपियों ने शव को पेट्रोल पंप के सामने आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर फेंक दिया। उनका मकसद इसे सड़क दुर्घटना दिखाना और हत्या के आरोप से बचना था। इतना ही नहीं, आरोपियों ने खुद ही 108 एंबुलेंस को सूचना दी और रविंद्र को गुन्नौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच शुरू की। इसके बाद भाई धर्मवीर ने बबराला थाने में तहरीर दी, जिसमें हत्या का आरोप लगाया गया था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने राहुल पुत्र नरेंद्र निवासी हाजीपुर, थाना श्याना, और राजेश पुत्र धर्म सिंह निवासी खनौदा, थाना औरंगाबाद, जिला बुलंदशहर के खिलाफ केस दर्ज किया है। शनिवार को थाना प्रभारी सौरभ त्यागी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी गई है, लेकिन वे अभी फरार हैं।


https://ift.tt/rpuldyf

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *