सुलतानपुर में विशेष सघन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के विस्तारित चरण को सफल बनाने के लिए रविवार को भाजपा जिला कार्यालय पर एक संयुक्त बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में प्रदेश मंत्री और जिला प्रभारी मीना चौबे ने जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और अभियान से जुड़े पदाधिकारियों की समीक्षा की। बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश मंत्री मीना चौबे ने एसआईआर को लोकतंत्र का पर्व बताया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी ऊर्जा और ताकत के साथ इस पर ध्यान केंद्रित करने और इसे पारदर्शी बनाने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी कहा कि अभियान के लिए अब केवल 10 दिन शेष हैं, जिसका बेहतर उपयोग किया जाना चाहिए। मीना चौबे ने कार्यकर्ताओं को बचे हुए और 18 वर्ष पूरे करने वाले नए मतदाताओं की सूची बनाने तथा उनका फॉर्म 6 भरवाने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि 31 दिसंबर को ड्राफ्ट प्रकाशित होने पर उसका गहनता से विश्लेषण कर बोगस मतदाताओं को सूची से बाहर निकालने का काम करना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं को घर-घर संपर्क करने और मुखिया का नाम व मोबाइल नंबर नोट करने की हिदायत दी। भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी ने प्रस्तावना रखते हुए प्रत्येक बूथ पर फॉर्म 6 भरकर 25 नए या बचे हुए मतदाताओं को जोड़ने का आह्वान किया। इस दौरान राष्ट्रीय परिषद सदस्य बनाए जाने पर पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. एमपी सिंह, प्रदेश परिषद सदस्य घनश्याम चौहान, राजेश जायसवाल व वीरेंद्र भार्गव तथा नवनियुक्त मंडल अध्यक्ष राजेंद्र वर्मा, दरगाही निषाद, राकेश सिंह, सोहनलाल निषाद, दुष्यंत सिंह व मनीष तिवारी का माल्यार्पण व अंगवस्त्र देकर स्वागत किया गया। राष्ट्रीय परिषद सदस्य डॉ. एमपी सिंह ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त किया और कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया। भाजपा मीडिया प्रमुख विजय सिंह रघुवंशी ने बताया कि जिला महामंत्री विजय त्रिपाठी के संचालन में आयोजित इस बैठक में जिला महामंत्री संदीप सिंह, धर्मेंद्र कुमार, जिला उपाध्यक्ष डॉ. प्रीति प्रकाश, अनीता पाण्डेय, आनंद द्विवेदी, सुनील वर्मा, प्रदीप शुक्ला सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
https://ift.tt/HC1wIie
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply