सुल्तानपुर के गोसाईंगंज थानाक्षेत्र के मूंगर टिकई का पुरवा गांव में शनिवार सुबह कब्रिस्तान में शव दफनाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। सूचना मिलने पर तहसीलदार मयंक मिश्रा और थानाध्यक्ष राम आशीष उपाध्याय मौके पर पहुंचे। अधिकारियों के हस्तक्षेप और आश्वासन के बाद मृतक के परिजनों ने शव दफनाने पर सहमति जताई। यह विवाद गांव के बीच स्थित कब्रिस्तान की जमीन को लेकर अशोक और तुफैल पक्ष के बीच लंबे समय से चल रहा है। अशोक पक्ष इस जमीन को आबादी का हिस्सा बताता है, जबकि तुफैल पक्ष इसे कब्रिस्तान की जमीन होने का दावा करता है। विवाद तब बढ़ा जब शुक्रवार रात तुफैल के 75 वर्षीय पिता समीउल्ला का निधन हो गया। शनिवार सुबह मृतक के परिजन अशोक कुमार के पशुशाला से सटी जगह पर शव दफनाने की बात करने लगे। उनका कहना था कि जहां पहले एक शव दफनाया गया है, वहीं बगल में समीउल्ला का शव भी दफनाया जाएगा। विवाद की सूचना पर जयसिंहपुर तहसीलदार मयंक मिश्रा राजस्व टीम के साथ और थानाध्यक्ष राम आशीष उपाध्याय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सुबह दस बजे से अधिकारियों ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे शुरुआती तौर पर सहमत नहीं हो रहे थे। राजस्व टीम ने कब्रिस्तान की जमीन की नाप की और अवैध कब्जे को लेकर अशोक कुमार पुत्र राम आधार, सियाराम पुत्र सरजू प्रसाद और चांद अली पुत्र हबीब के यहां नोटिस चस्पा की। इसके बाद मृतक के परिजन कब्रिस्तान के मध्य में शव दफनाने को तैयार हो गए। अधिकारियों द्वारा समझाने का यह दौर सुबह दस बजे से दोपहर तीन बजे तक चला। तहसीलदार मयंक मिश्रा ने बताया कि कब्रिस्तान की जमीन पर शव दफनाने को लेकर विवाद था। परिजनों की सहमति से शव को कब्रिस्तान में दफना दिया गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि दोनों पक्षों ने जमीन पर कब्जा कर रखा है, जिसके लिए उन्हें नोटिस जारी की गई है और उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। गांव में शांति व्यवस्था कायम है।
https://ift.tt/4Iu68Gj
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply