सीतापुर के महोली विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक एवं राष्ट्रीय सचिव अनूप गुप्ता ने वैध मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने की साजिश का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. को शिकायती पत्र सौंपते हुए फर्जी तरीके से फार्म-7 जमा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों से शपथ पत्र लिया जाए या फिर उनके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई जाए। सपा नेता अनूप गुप्ता ने बताया कि बूथ लेवल एजेंट और सपा कार्यकर्ताओं से सूचना मिली है कि जिन बूथों पर सपा समर्थित मतदाताओं की संख्या अधिक है, वहां अज्ञात लोग फर्जी हस्ताक्षर कर फार्म-7 जमा कर रहे हैं। इन फार्मों के जरिए वैध और जीवित मतदाताओं को मृतक या बाहरी दर्शाकर उनके नाम अंतिम मतदाता सूची से विलोपित कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि अब तक करीब एक दर्जन गांवों से लगभग एक हजार वैध मतदाताओं के नाम काटने के लिए फार्म जमा किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि कचूरी गांव के बूथ संख्या 125 से 50 फार्म, मूड़ा कलां के बूथ संख्या 133 और 134 से 68 फार्म, माथन गांव के बूथ संख्या 232 से 66 फार्म, गुरसंडा गांव के बूथ संख्या 293 और 294 से 66 फार्म, बक्सापुर गांव के बूथ संख्या 291 से 66 फार्म, भिठौरा गांव के बूथ संख्या 315 और 316 से 14 फार्म, जलालनगर के बूथ संख्या 303 और 304 से 154 फार्म, वजीर नगर के बूथ संख्या 324 और 325 से 193 फार्म, ननसोहा के बूथ संख्या 260 से 36 फार्म, बराहमऊ से करीब 200 फार्म और मुसहा गांव के बूथ संख्या 262 से 44 फार्म शामिल हैं। अनूप गुप्ता का कहना है कि एक ही बूथ पर एक शिकायतकर्ता द्वारा 60 से अधिक फार्म-7 जमा किए गए हैं, जो संदेह पैदा करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि फार्म-7 में धांधली के कारण क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल है और मतदाता अपने मताधिकार को लेकर चिंतित हैं।
https://ift.tt/eDFaVCc
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply