DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

सीतापुर में बुलडोजर देख लोगों ने खुद हटाए अतिक्रमण:कांशीराम कॉलोनी में आवास मिलने के बाद भी सड़क पर था कब्जा,अवैध झोपड़ियों को कराया खाली

सीतापुर जिले में सार्वजनिक स्थानों पर अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए सड़क किनारे बनी झोपड़ पट्टियों पर कार्रवाई की है। जिलाधिकारी राजा गणपति के निर्देश पर शुक्रवार को प्रशासनिक और पुलिस फोर्स की मौजूदगी में अवैध झोपड़ियों को खाली कराया गया। यह कार्रवाई शहर के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थलों पर की गई, जिससे अतिक्रमण के कारण हो रही समस्याओं से राहत मिल सके। जिला कारागार के समीप सड़क किनारे रखी गई अस्थायी झोपड़ियों और राजकीय इंटर कॉलेज से चुंगी सड़क मार्ग के किनारे बनी झोपड़ पट्टियों को हटाया गया। प्रशासन का कहना है कि इन स्थानों पर लंबे समय से सार्वजनिक भूमि पर कब्जा किया गया था, जिससे यातायात व्यवस्था और आमजन को परेशानी हो रही थी। कार्रवाई के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट मीनाक्षी पांडे और तहसीलदार सदर अतुल सेन सिंह मौके पर मौजूद रहे।
प्रशासन ने बताया कि झोपड़ियों में रह रहे लोगों को पहले ही कांशीराम कॉलोनी में आवास उपलब्ध कराए जा चुके हैं, इसके बावजूद उन्होंने सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से कब्जा कर रखा था। बार-बार चेतावनी के बाद भी जब अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो प्रशासन को यह कदम उठाना पड़ा। कुल मिलाकर 12 से अधिक अवैध झोपड़ियों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए झोपड़ियों में रह रहे लोगों को स्वयं अपना सामान निकालने और स्थान खाली करने का अवसर दिया। अधिकांश लोगों ने बिना किसी विरोध के अपनी झोपड़ियां खाली कर दीं। पूरे अभियान के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति नहीं बनी। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। तहसीलदार ने बताया कि यह कार्रवाई केवल अतिक्रमण हटाने तक सीमित नहीं है, बल्कि शहर को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने की दिशा में एक कदम है।


https://ift.tt/2up0Cwb

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *