सीतापुर में कोहरे का कहर लगातार जारी है। रविवार दोपहर को कुछ समय के लिए निकली हल्की धूप ने लोगों को थोड़ी राहत जरूर दी, लेकिन देर रात से एक बार फिर घना कोहरा छा गया, जिसका असर सोमवार की सुबह तक साफ तौर पर देखने को मिला। जिले भर में घने कोहरे की चादर के चलते सड़कों पर विजिबिलिटी महज 10 से 15 मीटर तक सिमट गई है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। सुबह के समय हाईवे, मुख्य मार्ग और ग्रामीण सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए। कोहरे के कारण वाहन चालकों को हेडलाइट और फॉग लाइट जलाकर चलना पड़ा। कई स्थानों पर वाहन चालक बेहद धीमी गति से चलते दिखाई दिए, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रही। मौसम विभाग के अनुसार करीब 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही ठंडी हवाओं ने ठंड का असर और बढ़ा दिया है, जिससे तापमान में गिरावट महसूस की जा रही है। आज सुबह का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। ठंड और कोहरे के बीच स्कूल जाने वाले छोटे बच्चे सबसे ज्यादा प्रभावित नजर आए। सुबह-सुबह ठंडे मौसम में बच्चे गर्म कपड़ों में स्कूल जाते दिखे। वहीं दफ्तर और अन्य कार्यों के लिए घर से निकलने वाले कर्मचारी भी कड़ाके की ठंड और कोहरे की मार झेलने को मजबूर हुए। लोग अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा लेते दिखाई दिए। घने कोहरे का असर रेल यातायात पर भी पड़ा है। कोहरे के कारण कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ देखी गई, जहां लोग ट्रेनों के सही समय की जानकारी लेते नजर आए। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में भी कोहरे की स्थिति बने रहने की संभावना जताई है। प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं और अनावश्यक यात्रा से बचें।
https://ift.tt/VspfjKz
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply