DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

सीतापुर पुलिस ने चाइनीज मांझे के खिलाफ की छापेमारी:दो दुकानों से भारी मात्रा में मांझा बरामद, एक दुकानदार हिरासत में

सीतापुर में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कोतवाली नगर पुलिस ने शुक्रवार को क्षेत्र के कजियारे इलाके में छापेमारी कर भारी मात्रा में प्लास्टिक युक्त चाइनीज मांझा बरामद किया। अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके के दुकानदारों में हड़कंप मच गया और कई दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर मौके से फरार हो गए। यह छापेमारी क्षेत्राधिकारी नगर विनायक गोपाल भोसले के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम ने पतंग और मांझा बेचने वाली दुकानों की गहन तलाशी ली, जिसमें प्रतिबंधित चाइनीज मांझे का बड़ा जखीरा बरामद हुआ। कार्रवाई के दौरान एक दुकानदार को हिरासत में लिया गया है, जिससे पुलिस पूछताछ कर रही है कि यह मांझा कहां से लाया गया था और किन-किन स्थानों पर इसकी सप्लाई की जा रही थी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चाइनीज मांझा पूरी तरह प्रतिबंधित है, क्योंकि इससे आए दिन गंभीर हादसे हो रहे हैं। यह मांझा बेहद धारदार होता है, जिससे राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों, बच्चों और पक्षियों को गंभीर चोटें आ चुकी हैं। इसी को देखते हुए जिले में इसके खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। छापेमारी के दौरान सदर बाजार चौकी इंचार्ज स्वाति चतुर्वेदी और बस स्टॉप चौकी प्रभारी प्रिंस सोनकर सहित पर्याप्त पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। पुलिस ने दुकानों की जांच के साथ-साथ दुकानदारों को सख्त चेतावनी भी दी कि यदि भविष्य में प्रतिबंधित मांझा बेचते हुए पाए गए तो उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सीओ सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया- चाइनीज मांझा बेचने, रखने और इस्तेमाल करने पर सख्त प्रतिबंध है। जिलेभर में लगातार अभियान चलाकर ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि वे पतंग उड़ाने में सुरक्षित सूती धागे या प्लास्टिक रील ही प्रयोग करें और कहीं भी चाइनीज मांझा बिकता दिखे तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।


https://ift.tt/65VRFni

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *