सीतापुर में शहर के जेल रोड स्थित जिला कारागार के समीप बनी अवैध झोपड़पट्टियों और पटरी दुकानों पर शनिवार को जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की। प्रशासन की कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। बुलडोजर को मौके पर पहुंचता देख कई लोगों ने स्वयं ही अपने आशियाने उजाड़ लिए। जानकारी के अनुसार जिला कारागार के आसपास लंबे समय से अस्थायी झोपड़ियां और पटरी दुकानें बनी हुई थीं, जिन्हें अवैध अतिक्रमण की श्रेणी में चिन्हित किया गया था। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को देखते हुए जिला प्रशासन ने इन अतिक्रमणों को हटाने का निर्णय लिया था। कार्रवाई से करीब 24 घंटे पहले तहसील सदर प्रशासन की ओर से झोपड़ियों में रह रहे लोगों और पटरी दुकानदारों को चेतावनी दी गई थी, जिसके बाद शनिवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। प्रशासन की टीम जब बुलडोजर और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची तो कई झोपड़ीवासियों और दुकानदारों ने टकराव से बचने के लिए खुद ही अपने-अपने आशियाने और दुकानें समेटनी शुरू कर दीं। कुछ झोपड़ियों को प्रशासन की मदद से हटाया गया, जबकि कई को लोगों ने स्वयं तोड़ दिया। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा, जिससे किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो सके। अभियान के दौरान जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिला कारागार के आसपास सुरक्षा कारणों से किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण स्वीकार्य नहीं है। अधिकारियों का कहना है कि पहले भी कई बार लोगों को समझाया गया था, लेकिन चेतावनी के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया, जिसके चलते यह कार्रवाई करनी पड़ी। हालांकि कार्रवाई के बाद झोपड़ीवासियों और पटरी दुकानदारों में नाराजगी भी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि वे वर्षों से यहां रहकर अपना जीवन यापन कर रहे थे और अचानक उजाड़ दिए जाने से उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। फिलहाल जेल रोड क्षेत्र में बनी सभी अस्थायी झोपड़ियों का अस्तित्व समाप्त कर दिया गया है और इलाके को अतिक्रमण मुक्त कर दिया गया है।
https://ift.tt/B8xSVu2
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply