सीएम द्वारा चाइनीज मांझे पर सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी किए जाने के बाद संभल की समाज हित संरक्षण समिति ने उनका आभार व्यक्त किया है। समिति ने इस निर्णय को जनहित में एक ऐतिहासिक कदम बताया। यह आभार ज्ञापन संभल के उप जिलाधिकारी रामानुज के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा गया। समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत भगवान दास शर्मा ने बताया कि उनकी संस्था वर्ष 2022 से चाइनीज मांझे के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। उन्होंने चाइनीज मांझे से हुए कई गंभीर हादसों का जिक्र किया, जिनमें लोगों की जान भी जा चुकी है। महंत शर्मा ने मुख्यमंत्री के निर्देशों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सीएम योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट किया है कि यदि चाइनीज मांझे से किसी व्यक्ति की मृत्यु या गंभीर चोट होती है, तो मांझा बेचने वाले दुकानदार, उसे खरीदने वाले व्यक्ति और संबंधित क्षेत्र के अधिकारियों पर भी कार्रवाई की जाएगी। चौधरी मजाहिर एडवोकेट ने इस अवसर पर कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा स्वतः संज्ञान लेकर पूरे प्रदेश में अधिकारियों को निर्देशित करना समाज हित संरक्षण समिति और महंत भगवान दास शर्मा के निरंतर प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने चाइनीज मांझे को अत्यंत घातक बताया।
एडवोकेट मजाहिर के अनुसार, यह मांझा अक्सर दिखाई नहीं देता और इसकी तेज धार गर्दन जैसी संवेदनशील जगहों को काट सकती है। उन्होंने अपने साथ हुई एक घटना का भी उल्लेख किया, जिसमें वे स्वयं चाइनीज मांझे से बाल-बाल बचे थे। जयपाल सिंह ने जानकारी दी कि संस्था द्वारा पूर्व में भी कई बार ज्ञापन दिए गए थे, लेकिन तब कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई थी। उन्होंने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री के पूर्ण प्रतिबंध के आदेश से अब लोगों को राहत मिलेगी। उन्होंने मांग की कि पूरे प्रदेश में चाइनीज मांझे की बिक्री और उपयोग पर सख्ती से रोक लगाई जाए। इस अवसर पर महिपाल सिंह, चंद्र प्रकाश एडवोकेट, दिनेश कुमार, जोगेंद्र शर्मा, नितिन शर्मा एडवोकेट, अंजार और संजीव सहारा सहित कई अन्य सदस्य उपस्थित थे।
https://ift.tt/iFpe4TL
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply