लखनऊ में चाइनीज मांझे की चपेट में आने से शोएब की मौत के बाद गुरुवार को सीएम के आदेश जारी होते ही कानपुर पुलिस ने पतंग-मांझा की दुकानों में ताबड़तोड़ दबिश दी। गुरुवार को सीएम योगी आदित्यनाथ ने आदेश दिए कि चाइनीज मांझे से होनी वाली मौतों को हत्या की श्रेणी में रखा जाएगा। मांझे के इस्तेमाल करने पर रोक के लिए पूरे राज्य में कार्रवाई की जाएगी, जिसकी उच्च स्तर पर समीक्षा करने का निर्देश दिया गया है। आदेश जारी होने के बाद पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने गुरुवार दोपहर ही वायरलेस से छापेमारी के आदेश जारी कर दिए। जिसके बाद पुलिस ने शहर में ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू कर दी, एसीपी कोतवाली आशुतोष कुमार ने मूलगंज और बादशाहीनाका स्थित पतंग और मांझे की दुकानों में छापेमारी की लेकिन कहीं भी चाइनीज मांझा नहीं मिला, बताते चलें कि यूपी में चाइनीज मांझा पूरी तरह से प्रतिबंधित है, इसकी खुलेआम बिक्री भी नहीं होती है, लेकिन पतंग और मांझा बेचने वाले चोरी छिपे इसे बेचते हैं, जिससे कानपुर में चाइनीज मांझे से लोग घायल भी हुए हैं और इससे लोगों की जान भी जा चुकी है। पहले देखिए दो तस्वीरें… चाइनीज मांझे से ये हुई हैं घटनाएं पहली घटना : 16 जनवरी 2026 किदवई नगर में चाइनीज मांझे ने एक और छात्र को अपना शिकार बनाया था। घटना में छात्र सत्यम सिंह का चेहरा बुरी तरह कट गया था। निराला नगर निवासी सत्यम डीएवी कॉलेज में स्नातक के छात्र हैं। 16 जनवरी की शाम करीब पांच बजे जूही गौशाला से घर लौटते समय किदवई नगर थाने के पास अचानक पेड़ से उलझा मांझा उनके चेहरे में फंस गया था, इससे उनकी आंख और नाक के पास गंभीर चोट आ गई। प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया था। दूसरी घटना : बर्रा निवासी गुड्डू वर्मा 2024 में परेड से दोस्क की बाइक से जा रहे थे। जैसे ही वे परेड चौराहे पर पहुंचे सामने चाइनीज मांझा आ गया, मांझे से गुड्डू की गर्दन कट गई और वह लहूलुहान होकर वहीं गिर गया राहगीरों ने उसे हैलट अस्पताल में भर्ती कराया। गुड्डू की हालत गंभीर देख पहुंचे परिजन उसे निजी अस्पताल में ले गए। कई दिन तक इलाज के बाद उनकी हालत ठीक हो सकी, हालांकि परिवार वालों की माने तो गुड्डू कई महीने तक खाने पीने से मोहताज रहे उनको ट्यूब से ही खाना पानी दिया जाता था। तीसरी घटना : चाइनीज मांझे की जद में आने से शादाब नाम का एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। ये हादसा तब हुआ जब शादाब अपना वोट डालकर बाइक से घर लौट रहा था, कि बीच रास्ते में उसके गले में किसी कटी पतंग का मांझा फंस गया, जिससे उसकी गर्दन कट गई। शादाब बाइक समेत सड़क पर गिर पड़ा। आसपास के लोगों ने शादाब को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों को उसकी गर्दन की सर्जरी करनी पड़ी।
https://ift.tt/neUdJ5W
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply