देश की पहली महिला शिक्षिका और महान समाज सुधारक माता सावित्रीबाई फुले की जयंती के अवसर पर शनिवार को आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश की ओर से प्रदेशभर में श्रद्धांजलि सभा और विचार संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसी क्रम में मेरठ दक्षिण विधानसभा के गुर्जर चौक, लिसाड़ी नूर नगर गांव में कार्यक्रम आयोजित हुआ। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सावित्रीबाई फुले के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके विचारों को याद किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अंकुश चौधरी ने कहा कि सावित्रीबाई फुले ने उस दौर में लड़कियों की शिक्षा की अलख जगाई, जब समाज महिलाओं को पढ़ाने के खिलाफ था। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह हथियार है, जिससे समाज को बदला जा सकता है। आज भी जब बेटियों की पढ़ाई, दलित-पिछड़ों के अधिकार और सामाजिक न्याय पर सवाल खड़े हो रहे हैं, तब सावित्रीबाई फुले के विचार पहले से ज्यादा प्रासंगिक हो गए हैं। अंकुश चौधरी ने कहा कि सावित्रीबाई फुले ने न सिर्फ शिक्षा के क्षेत्र में क्रांतिकारी काम किया, बल्कि जाति और लिंग आधारित भेदभाव के खिलाफ भी मजबूती से संघर्ष किया। उन्होंने सरकारों से अपील की कि केवल जयंती मनाने तक सीमित न रहें, बल्कि शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक न्याय से जुड़े उनके विचारों को नीतियों में लागू करें। उन्होंने आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी व राज्यसभा सांसद संजय सिंह का जिक्र करते हुए कहा कि दलित, पिछड़े, आदिवासी और वंचित वर्गों को सामाजिक न्याय दिलाने के लिए पार्टी लगातार संघर्ष कर रही है। इसी क्रम में हाल ही में ‘रोज़गार दो, सामाजिक न्याय दो’ पदयात्रा निकाली गई थी। पार्टी सड़क से सदन तक सावित्रीबाई फुले के सपनों के समाज के निर्माण के लिए कार्य करती रहेगी। अंकुश चौधरी ने कहा कि महिलाओं, गरीबों और वंचितों को समान अवसर दिलाना ही सावित्रीबाई फुले को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। आज जब शिक्षा महंगी और असमान होती जा रही है, तब उनके विचार समान, गुणवत्तापूर्ण और सुलभ शिक्षा व्यवस्था की दिशा दिखाते हैं। कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष अंकित गिरी, जिला संरक्षक एसके शर्मा, शिक्षक प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष हेम कुमार, महानगर उपाध्यक्ष देव अग्रवाल, दक्षिण विधानसभा अध्यक्ष सलीम मंसूरी, महानगर सचिव अजय कुमार, वार्ड अध्यक्ष ईशु पाल सहित जितेंद्र जाटव, जितेंद्र कुमार, संजय वर्मा, फिरोज, बब्बू, असलम, सलमा, नोसाद मंसूरी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
https://ift.tt/JuTF80c
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply