सहारनपुर के रामपुर मनिहारान क्षेत्र से सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें दो युवक खुद को स्वर्ण जाति का बताते हुए यूजीसी कानून को लेकर सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर टिप्पणी कर रहे हैं। वीडियो में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, ओबीसी समाज और आज़ाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आज़ाद के खिलाफ आपत्तिजनक और जातिसूचक भाषा का प्रयोग किया गया है। वीडियो सामने आने के बाद दलित समाज और भीम आर्मी से जुड़े कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया। आक्रोशित कार्यकर्ता रामपुर मनिहारान थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने बुधवार को तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वायरल वीडियो में दिख रहे युवकों की पहचान रामपुर मनिहारान के सम्भलहेड़ी निवासी विजय पुत्र प्रदीप और आगरा निवासी सोनू के रूप में हुई है। यह वीडियो इंस्टाग्राम आईडी “official fougi001” से पोस्ट किया गया था। भीम आर्मी से जुड़े रामपुर मनिहारान निवासी मो. इकराम ने तहरीर में बताया कि वीडियो में जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर समाज विशेष की भावनाएं आहत की गई हैं, जिससे क्षेत्र में तनाव और रोष का माहौल बन गया है। थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और वायरल वीडियो की गंभीरता से जांच की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ और आपत्तिजनक सामग्री फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
https://ift.tt/zOLZPkm
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply