सहारनपुर में देर रात को चेकिंग के दौरान पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। तीन बदमाश एक बाइक से जा रहे थे। पुलिस ने उन्हें देखते ही रुकने का इशारा किया। लेकिन वे पुलिस पर फायरिंग करके भागने लगे। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई। एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे अरेस्ट कर लिया। वहीं उसके दो साथी फरार हो गए। घायल बदमाश 15 हजार का इनामी निकला। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है। मामला थाना फतेहपुर क्षेत्र का है। एएसपी प्रिया यादव ने बताया कि थाना फतेहपुर पुलिस टीम रुड़की रोड स्थित ग्राम गंगाली मोड़ के पास संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान गांव की ओर से तीन लोगों की एक बाइक आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने टॉर्च की रोशनी दिखाकर रुकने का इशारा किया। रुकने के बजाय बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी और बाइक मोड़कर गंगाली की ओर भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया। कुछ दूरी पर जाकर उनकी बाइक फिसलकर गिर गई। इसके बाद बदमाशों ने दोबारा पुलिस पर फायरिंग की और आम के बाग की ओर भागने की कोशिश की। पुलिस को भी काउंटर फायरिंग करनी पड़ी। जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लगी। घायल बदमाश को दबोच लिया, जबकि दो बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों के रास्ते फरार हो गए। पुलिस ने कांबिंग कर उनकी तलाश की, लेकिन वे नहीं मिले। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार बदमाश की पहचान शाहरुख के रूप में हुई है, जो थाना फतेहपुर का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर है, जो 15 हजार का इनामी है। उस पर हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और गोकशी जैसे गंभीर मामलों में एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके से एक तमंचा .315 बोर, एक खोखा, एक जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की बाइक भी बरामद की है।
https://ift.tt/EAKkX3o
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply